
Jabalpur News : नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। एल्गिन अस्पताल परिसर में स्थित नर्सिंग कालेज की जगह पर हास्पिटल की एक्सटेंशन बिल्डिंग बनेगी। इसके निर्माण से अस्पताल में प्रसूताओं के लिए 100 बिस्तर बढ़ जाएंगे। एक्सटेंशन बिल्डिंग में ओपीडी भी बनाने का प्रस्ताव है। इससे संबंधित योजना को स्वास्थ्य विभाग की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। रीडेंसिफिकेशन योजना के अंतर्गत लगभग 7:30 करोड़ रुपये की लागत से नया भवन बनेगा।
एल्गिन अस्पताल में विशेष रूप से गर्भवतियों और प्रसूताओं के जांच एवं उपचार की व्यवस्था है। संभाग के आठ जिले से गंभीर गर्भवतियों और प्रसूताओं को उपचार के लिए एल्गिन रेफर किया जाता है। आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि के कारण अस्पताल के संसाधन कम पड़ने लगे हैं। नया भवन बनने से प्रसूताओं के लिए अतिरिक्त बिस्तर उपलब्ध हो सकेंगे।
एल्गिन अस्पताल की क्षमता अभी 112 मरीजों काे भर्ती करने की है। इतने ही बिस्तर के अनुसार चिकित्सक और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के पद अस्पताल में स्वीकृत है। लेकिन अस्पताल में हर समय 250 से ज्यादा मरीज भर्ती रहते हैं। कई बार उपचार के लिए आने वाली प्रसूता को जमीन पर भी लेटाना पड़ता है। अस्पताल की ओपीडी में जांच के लिए आने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़कर पांच सौ तक पहुंच गई है। इसके कारण अस्पताल के संसाधन कम पड़ने लगे है। बिस्तर बढ़ने के साथ ही चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों की पद संख्या बढ़ाने पर ही मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग ने एक्सटेंशन बिल्डिंग को अाधुनिक सुविधाओं से सुज्जित करने की तैयारी की है। इसे भविष्य की जरुरतों के अनुसार निर्धारित मापदंडों को ध्यान में रखकर आकार दिया जाएगा। प्रारंभिक प्राक्कलन के अनुसार नर्सिंग कालेज को तोड़कर उसकी जमीन पर तीन तल का नया भवन बनाया जाएगा। इसमें लिफ्ट होगी। खुली और अधिक जगह के साथ ओपीडी की व्यवस्था रहेगी। वार्ड को वातानुकूलित बनाने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही भविष्य की चिकित्सा आवश्यकताओं के अनुरुप भवन में नई सुविधाएं जुटाने पर स्वास्थ्य विभाग का जोर है। इस मामले अब सिर्फ भवन की ड्राइंग बनना बाकी है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार भवन निर्माण मप्र हाउसिंग बोर्ड करेगा।