नईदुनिया, जबलपुर (Jabalpur News)। एमपी के जबलपुर में सोमवार दोपहर एक बजे रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना के तहत बनाए गए बरगी बांध के 21 में से सात गेट खोल दिए गए। जल स्तर को नियंत्रित करने के लिए सात गेट को औसतन 1.07 मीटर ऊंचाई तक खोला गया है।
इनसे 35 हजार 552 क्यूसेक ( घनफीट प्रति सेकंड ) पानी की निकासी की गई। इससे नर्मदा का जलस्तर 8 से 10 फीट तक बढ़ गया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने गेट खोलने से पहले ही अलर्ट जारी किया था। बांध के निचले क्षेत्र में रहने वालों को नर्मदा तट एवं घाटों से सुरक्षित दूरी बनाने कहा गया है।
कार्यपालन यंत्री बरगी बांध अजय सूरे ने बताया कि बारिश के कारण बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को सुबह 9 बजे बांध का जलस्तर 418.15 मीटर हो गया था, जो बांध के जलस्तर का करीब 62 प्रतिशत है। बांध में पानी की बढ़ती स्थिति को देखते हुए सोमवार दोपहर करीब एक बजे तक जलस्तर 419 मीटर तक हो गया था। जबकि 418 मीटर तक ही रखना है।
वर्तमान में दो हजार 144 घन मीटर प्रति सेकंड बांध में पानी आ रहा है, जिसे देखते हुए इसे नियंत्रित करने सात गेट यानि स्पिल-वे को 1.07 मीटर औसत ऊंचाई तक खोला गया। इनसे एक हजार सात घन मीटर प्रति सेकंड जल की निकासी हुई। वहीं बांध में आ रहे पानी को देखते हुए जल निकासी की मात्रा को घटाया या बढ़ाया भी जा सकता है।
इन दिनों बरगी बांध के गेट खुलने का हर किसी को था, लेकिन इंतजार खत्म ही नहीं हो रहा था। हालांकि सोमवार को बांध के सात गेट खुलने से लोगों का इंतजार खत्म हो गया। इसको लेकर प्रशासन ने भी खास इंतजाम किए हैं। सुरक्षा को देखते हुए नदी के दोनों ओर सीमा आरक्षित कर दी गई हैं, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।
सावन में मानसून मेहरबान है। मौसम का रूप देख लोगों को लगा कि अब भारी बारिश होगी हालांकि कुछ देर ही तेज हुई। सावन के महीने में जिस तरह से मानसून मेहरबान हुआ उससे महज सात दिन में ही 381 मिलीमीटर यानी करीब 15 इंच बारिश हुई।
जबलपुर में अब तक कुल 636.5 मिलीमीटर यानी 25 इंच वर्षा हो चुकी है यानी वर्षा ने 50 प्रतिशत आंकड़ा पूरा कर लिया है। जबलपुर में औसतन 1320 मिलीमीटर यानी करीब 52 इंच वर्षा होती है। इस लिहाज से औसतन आधी वर्षा हो चुकी है।
क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के मुताबिक मानसून गतिविधियां लगातार जोर पकड़ रही है। लगातार सक्रिय मौसम प्रणालियोंं के कारण जबलपुर सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश का क्रम जारी है। जबलपुर सहित संभाग के मंडला, डिंडौरी, कटनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा सहित आस-पास के जिलों में 31 जुलाई तक कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश की संभावना जाहिर करते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मानसून सीजन में अब तक कुल बारिश का आांकड़ा 636.5 मिलीमीटर हो गया है। गत वर्ष आज के दिन तक 535.4 मिलीमीटर यानी बारिश हुई थी। यानी देर से ही सही मजबूती के साथ सक्रिय मानसून ने गत वर्ष के आंकड़े को चार इंच पीछे छोड़ दिया है।