
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। हाई कोर्ट ने पुलिस आरक्षक भर्ती-2026 में आयु सीमा को लेकर याचिका दायर करने वाले आठ अभ्यर्थियों को अंतरिम राहत प्रदान की है। अब 38 वर्ष से अधिक और 45 वर्ष से कम आयु वाले ये अभ्यर्थी भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। हालांकि उनकी उम्मीदवारी का अंतिम निर्णय याचिका के अंतिम निराकरण पर निर्भर करेगा।
हाई कोर्ट में नरसिंहपुर निवासी प्रजापाल सिंह मोंगरे सहित आठ उम्मीदवारों ने याचिका दायर कर पुलिस आरक्षक (जीडी) भर्ती-2026 के विज्ञापन में निर्धारित आयु सीमा को चुनौती दी थी। याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता मोहित वर्मा ने पक्ष रखा।
याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि सामान्य प्रशासन विभाग के चार जुलाई 2019 के परिपत्र में सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित की गई है। पात्र आरक्षित वर्गों और सेवारत होमगार्ड जवानों को पांच वर्ष की अतिरिक्त छूट का प्रविधान भी है। इस आधार पर उन्होंने 45 वर्ष तक आयु में छूट का लाभ मांगा।
न्यायमूर्ति विशाल धगट की एकलपीठ में हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं को भर्ती का फार्म भरने की अनुमति प्रदान की। साथ ही सात दिनों के भीतर प्रोसेस फीस जमा करने पर प्रतिवादियों को नोटिस जारी करने और चार सप्ताह में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ताओं का परिणाम घोषित किया जा सकता है, लेकिन वह याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। शासन की ओर से उप महाधिवक्ता वीर विक्रांत सिंह उपस्थित हुए।