
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। लोकायुक्त की शुरुआती कार्रवाई में करीब पांच करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति सामने आने के बाद अब इसका आंकड़ा आठ करोड़ रुपये से अधिक पहुंचने के संकेत मिले हैं।
जांच के दौरान उसके जबलपुर के आंबेडकर नगर स्थित मकान से करीब 500 ग्राम सोने और सवा किलो चांदी के जेवरात सहित महंगे सामान मिले हैं। आलीशान मकान में पहली मंजिल तक जाने के लिए लिफ्ट भी लगाई जा रही थी। मामले में एसपी लोकायुक्त अुंजुलता पटले के निर्देश पर कार्रवाई जारी है।
लोकायुक्त ने शनिवार को सुभाष शर्मा और उसकी पत्नी के ठिकानों पर छापेमारी की थी। वर्ष 1989 में सहायक ग्रेड-तीन के पद से सरकारी सेवा शुरू करने वाले शर्मा के पास उसकी ज्ञात आय से कई गुना अधिक संपत्ति मिलने का दावा किया गया है।
प्रारंभिक जांच में जमीन, मकान, दुकान और प्लाट में बड़े पैमाने पर निवेश की जानकारी मिली है। प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। जबलपुर लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले के मार्गदर्शन में डीएसपी रेखा प्रजापति और नीतू त्रिपाठी के नेतृत्व में टीमें सुभाष शर्मा व उसके स्वजन की संपत्तियों के दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच में जुटी हैं।
लोकायुक्त की जांच में पाटन के ग्राम लोहारी स्थित फार्म हाउस से जुड़ी संपत्ति भी सामने आई है। यहां सुभाष शर्मा बारात घर बनाने की तैयारी कर रहा था और निर्माण से संबंधित काम शुरू भी कराया जा चुका था।
मौके पर पहुंचाई गई निर्माण सामग्री और उससे संबंधित दस्तावेजों की भी टीम जांच कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि संपत्तियों और निवेश का पूरा हिसाब सामने आने के बाद अनुपातहीन संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
जांच में अब यह भी पता लगाया जा रहा है कि सुभाष शर्मा ने केवल पत्नी शीला शर्मा के नाम पर ही संपत्तियां नहीं खरीदीं, बल्कि करीबी स्वजन के नाम का इस्तेमाल कर भी जमीन-जायदाद में निवेश किया हो सकता है। लोकायुक्त टीम ऐसे स्वजन के बैंक खातों और संपत्ति संबंधी दस्तावेजों की जानकारी जुटा रही है। राजस्व रिकार्ड की जांच के बाद वास्तविक निवेश और स्वामित्व की स्थिति स्पष्ट होगी।
लोकायुक्त टीम को अब तक सुभाष शर्मा और उसकी पत्नी के नाम करीब छह बैंक खाते होने की जानकारी मिली है। सोमवार को बैंकों को पत्र भेजकर खातों का विस्तृत विवरण और लेन-देन की जानकारी मांगी जाएगी। इससे संपत्ति खरीदने और रकम के लेन-देन से जुड़े नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है। अांबेडकर कालोनी स्थित आलीशान मकान का वैल्युएशन भी कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर मंडल के रेल कर्मचारियों को राहत, अब एचआरएमएस से खुद ऑनलाइन एनओसी के लिए कर सकेंगे आवेदन