जबलपुर के आर्मी एमबी एरिया मुख्यालय में लहराया 60 फुट का तिरंगा, लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा, ध्वज हमारे अंदर जोश और जुनून का संचार करते हैं
देश का प्रत्येक सैनिक सदैव अपने राष्ट्रीय ध्वज व फार्मेशन ध्वज की रक्षा के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने के लिए तत्पर रहता है। यह ध्वज प्रत्येक सैनिक के अंदर जोश और जुनून का संचार करते हैं। यह हमारी एकता का प्रतीक है जो जाति और धर्म से सदैव सर्वोपरि है।
By Mukesh Vishwakarma
Edited By: Mukesh Vishwakarma
Publish Date: Sat, 12 Nov 2022 11:37:39 AM (IST)
Updated Date: Sat, 12 Nov 2022 02:46:44 PM (IST)

जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। आजादी के अमृत महोत्सव पर आर्मी के मध्य भारत एरिया मुख्यालय में जनरल आफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल एमके दास द्वारा 60 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस मौके पर राष्ट्रध्वज के साथ ही फार्मेशन ध्वज भी फहराया गया। इन ध्वजों को भारतीय सेना के समस्त बहादुर जवानों को समर्पित किया।
इस गौरवपूर्ण आयोजन के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल एमके दास ने कहा कि इस आयोजन में मध्य भारत एरिया के सभी वीर सैनिक शामिल होकर इस ऐतिहासिक व गौरवशाली क्षण का हिस्सा बने जो सभी के लिए परम सौभाग्य की बात है। देश का प्रत्येक सैनिक सदैव अपने राष्ट्रीय ध्वज व फार्मेशन ध्वज की रक्षा के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने के लिए तत्पर रहता है। यह ध्वज प्रत्येक सैनिक के अंदर जोश और जुनून का संचार करते हैं। यह हमारी एकता का प्रतीक है जो हमारी जाति और धर्म से सदैव सर्वोपरि है। मध्य भारत एरिया का फोर्मेशन चिन्ह कोबरा है, जो हमारी ताकत, सतर्कता, क्षमता व शक्ति का प्रतीक है। इन दोनों ध्वजों के चारों तरफ प्रकाश की सम्पूर्ण व्यवस्था की गई है, जिससे यह हर क्षण प्रकाशवान रहे। ये दोनों ध्वज सैनिकों में नई ऊर्जा व जोश का संचार करते रहेंगे।