MP Assembly News: मध्यप्रदेश से 8 हजार 445 लड़कियां गायब, 35 सौ से ज्यादा का नहीं मिला सुराग
MP Assembly News: जबलपुर में 162 लड़कियां अब भी लापता, विधायक विनय सक्सेना के प्रश्न पर गृह मंत्री ने विधानसभा में दी जानकारी।
By Sunil Dahiya
Edited By: Sunil Dahiya
Publish Date: Fri, 19 Mar 2021 05:49:12 PM (IST)
Updated Date: Fri, 19 Mar 2021 05:49:12 PM (IST)

जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि MP Assembly News। मप्र में 3500 से ज्यादा लड़कियां गायब है। इनका पता नहीं लग पा रहा है। वहीं 12 हजार 700 महिलाएं भी गुमशुदा है। गृह विभाग ने यह जानकारी विधानसभा में दी है। उनके अनुसार लड़कियों को खोजने के लिए कई प्रयास हो रहे हैं लेकिन कई अन्य वजहों से उनका पता नहीं लग सका है। विधायक विनय सक्सेना ने इस संबंध में प्रश्न लगाया था।
27 हजार 543 महिलाएं भी की गुमशुदा: प्रदेश में विभिन्न जिलों में लड़कियों और महिलाओं की गुमशुदगी, बरामदगी को लेकर जबलपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय सक्सेना ने प्रश्न लगाया। जिसके जबाव में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि विभिन्न जिलों में गुमशुदा बालिका की संख्या 8 हजार 445 है वहीं बरामद 4 हजार 866 हुई। इसमें करीब 3 हजार 579 लड़कियों को पता नहीं चल पाया है। वहीं महिलाओं में 27 हजार 543 की गुमशुदगी दर्ज है। इसमें 14 हजार 838 बरामद की गई। वहीं 12 हजार 705 का अब तक पता नहीं चल सका है।
यह बताए जा रहे न मिलने के कारण: गृह मंत्री ने इस संबंध में लिखित जवाब में कहा कि गुमशुदा लड़कियों को नहीं मिलने की वजह बिना बताए अज्ञात स्थान पर चले जाना, प्रेम संबंधों के कारण जाना,परिवारिक कारणों एवं गुमशुदा के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण महिलओं और लड़कियों की पतासाजी नहीं हो पा रही है। गुम बालिकाओं के संबंध में 363 आईपीसी के प्रकरण दर्ज किए जाकर अनुसंधान किया जा रहा है।
जबलपुर के हाल:
- 389 बालिका गायब हुई। जिसमें 227 बालिका बरामद हो गई है। जबकि 162 की बरामदगी नहीं हो पाई है।
- 1775 महिलाओं गायब हुई। जिसमें 756 महिला बरामद हुई और 519 महिलाएं अभी तक लापता है।