
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बलदेवबाग ऊखरी रोड स्थित पारस टेंट सप्लायर्स एंड होटलवेयर के गोदाम में सोमवार शाम करीब 5:30 बजे अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी ऊंची-ऊंची लपटें तथा धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के रहवासी और दुकानदार दहशत में आ गए। कई लोगों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों को बंद कर सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऊखरी रोड पर पारस टेंट के नाम से दुकान और ऊपर गोदाम संचालित है। आग लगने से टेंट सामग्री, फर्नीचर और अन्य ज्वलनशील सामान बड़ी मात्रा में रखा हुआ था।
इसी कारण आग तेजी से फैलती चली गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल नगर निगम के फायर बिग्रेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर निगम का फायर ब्रिगेड अमला छह दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचा और आग बुझाने में जुट गया।
दमकल कर्मियों ने कई दिशाओं से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
आग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
आसपास के लोगों की भीड़ के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे।