
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र स्थित निसर्ग रिसोर्ट के स्वीमिंग पूल में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। स्वीमिंग पूल में लगे स्लाइडर के पोल में अचानक करंट आने से हादसा होना बताया जा रहा है।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रांझी निवासी नीरज मेहरा रविवार को अपने दोस्तों मोहनिया सुभाष नगर निवासी साजन विश्वकर्मा (20), अभिषेक सेन और विनीत विश्वकर्मा के साथ रविवार दोपहर निसर्ग रिसोर्ट घूमने पहुंचा था। साजन निजी काम करता था, उसका रविवार को अवकाश था। इसके चलते वह घूमने जाने के लिए तैयार हो गया।
रिसोर्ट पहुंचने के बाद सभी ने टिकट लेकर स्वीमिंग पूल में प्रवेश किया और पहले एक पूल में स्नान किया। इसके बाद वे दूसरे पूल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान स्लाइडर के नीचे लगे लोहे के पोल से साजन का हाथ टकरा गया।
पोल में करंट होने से उसे जोरदार झटका लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा। उसे घायल देखकर दोस्त तुरंत मदद के लिए दौड़े। रिसोर्ट प्रबंधन से एंबुलेंस के लिए बोला। उन्होंने मदद नहीं की तो दोस्त मोटरसाइकिल से साजन को बरेला के एक अस्पताल तक लेकर गए, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। विक्टोरिया अस्पताल पहुंचने पर साजन को मौत होने की जानकारी दी गई।
आरोप है कि रिसोर्ट में सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती गई। मौके पर आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। यहां तक तक बड़ी घटना पर भी रिसोर्ट प्रबंधन एवं वहां के किसी कर्मी ने साजन को बचाने में दोस्तों की मदद नहीं की। उसे तत्काल किसी प्रकार चिकित्सकीय सुविधा देने का भी रिसोर्ट में प्रयास नहीं किया गया। बरेला थाना प्रभारी शुभम सिंह ठाकुर ने युवक की मौत की सूचना मिली है। सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट और रिसोर्ट में जांच के बाद घटना का कारण स्पष्ट हाे सकेगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में कालीबाड़ी मंदिर पर दो महिलाओं ने की आपत्तिजनक टिप्पणी, मामला दर्ज