
Jabalpur To Ayodhya : जबलपुर नईदुनिया प्रतिनिधि। शहर के अयोध्या जाने वाले यात्रियों का इंतजार आज खत्म हो गया। जबलपुर से अयोध्या के लिए पहली आस्था स्पेशल ट्रेन आज जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक से रवाना हुई। 22 कोच की इस ट्रेन में 1341 यात्रियों ने अयोध्या के लिए अपना आरक्षण कराया। इसमें जबलपुर से 1050 यात्री बैठे और शेष नरसिंहपुर, इटारसी, भोपाल स्टेशन से ट्रेन में सवार होंगे।

आस्था स्पेशल ट्रेन में 22 कोच लगाए गए हैं, जिसमें से 20 कोच स्लीपर और शेष 2 पार्सल कोच है। जबलपुर रेल मंडल ने आस्था स्पेशल ट्रेन के रैक तैयार किए हैं। गौरतलब है कि यह ट्रेन पहले 30 जनवरी को जबलपुर से रवाना की जानी थी, लेकिन अयोध्या में श्रृद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आस्था स्पेशल ट्रेन की तिथि बदलकर 13 जनवरी कर दी गई।

जबलपुर से ही दूसरी आस्था स्पेशल ट्रेन 16 फरवरी को रवाना होने जा रही है। रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन का रूट और समय जारी कर दिया है, लेकिन यह ट्रेन मंगलवार को रवाना होने वाली पहली आस्था ट्रेन से कई मायनों में अलग है। इस ट्रेन को रेलवे, जबलपुर से कटनी-सतना होकर अयोध्या ले जाएगा। इस वजह से ट्रेन का सफर महज 11 घंटे का होगा और दूरी 531 किमी हो गई है। हालांकि आज जाने वाली ट्रेन लगभग 1213 सौ किमी का सफर तय करेगी। इस वजह से यह ट्रेन 22 घंटे में अयोध्या पहुंचेगी। 27 फरवरी को भी जबलपुर से तीसरी आस्था स्पेशल रवाना होगी, लेकिन इसे भी रेलवे जबलपुर, इटारसी, भोपाल से झांसी होकर अयोध्या ले जाएगा।

अयोध्या स्पेशल ट्रेन के संचालन का जिम्मा रेलवे को दिया है तो ट्रेन में यात्री सुविधा की जिम्मेदारी आइआरसीटीसी को दी गई है। इस ट्रेन में सफर करने वाले 1340 यात्रियों को ट्रेन में ही खाना और बेडरोल मिलेगा। इतना ही नहीं इनके अयोध्या में रूकने की भी व्यवस्था की गई है। स्पेशल ट्रेन अयोध्या से यात्रियों को वापस जबलपुर भी लाएगी। 13 को जाने वाली आस्था स्पेशल ट्रेन की वापसी 16 फरवरी को होगी। यह ट्रेन अयोध्या से रात 9.20 पर रवाना होगी और अगले दिन शाम 6.13 पर जबलपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन भी 22 घंटे में ही जबलपुर आएगी। हालांकि इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को टिकट की बजाए बोडिंग पास दिए गए हैं, जो नगर भाजपा कार्यालय से जारी हो रहे हैं।


