
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर के गौरीघाट घाट रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर घूम रही कई गाय जबलपुर से नागपुर की ओर जा रही ट्रेन की टक्कर से उछलकर पुल से नीचे सड़क पर जा गिरीं।
घटना के समय पुल के नीचे एक युवक खड़ा था तभी एक गाय सीधे उसके ऊपर गिरी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में एक गाय की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गाय घायल हुई हैं।
लोगों ने बताया कि घायल युवक की हालत इस स्थिति में नहीं है, जिससे कि वह कुछ बता पाए। ग्वारीघाट थाना पुलिस ने नगर निगम को सूचना देने के बाद की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि 10 मई रविवार की देर रात एक ट्रेन जब जबलपुर से नागपुर तरफ जा रही थी। जैसे ही वह ग्वारीघाट स्टेशन से पहले पुल के पास पहुंची,तभी तीन गाय को टक्कर मार दी, इस बीच एक गाय नीचे गिरी, जो पुल के नीचे लघुशंका कर रहे युवक पर गिरी, जिससे युवक को गंभीर चोट आई।
घटना के बाद मौके से निकल रहे लोगों ने फौरन पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में डायल 112 पहुंची, और फिर डायल 108 की मदद से उसे मेडिकल कालेज भिजवाया गया।
घटना के बाद नगर निगम का अमला भी मौके पर पहुंचा और घायल गाय को इलाज के लिए वेटरनरी कालेज ले गया, जबकि एक मृत गाय को तिलवारा धाट के पास ले जाया गया।
बताया जा रहा कि घायल युवक कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है, जिस कारण से उसके नाम और पते की जानकारी नहीं लग पाई है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में नेहरू नगर में घर पर फेंके गए सुअरमार बम, धमाके की तेज आवाज से लोग घबराए