नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा को मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को नियुक्ति आदेश जारी किए। उल्लेखनीय है कि मप्र हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत के सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त हुए मुख्य न्यायाधीश के पद पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बतौर वरिष्ठतम न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा को नियुक्त किया गया था। वह 30 मई, 2024 को दिल्ली हाई कोर्ट से स्थानांतरित होकर मप्र हाई कोर्ट आए थे। मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत के पदभार संभालने से पूर्व भी यहां कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश पद की जिम्मेदारी संभाल चुके थे।
26 दिसंबर 1964 को दिल्ली में जन्मे न्यायमूर्ति सचदेवा ने दिल्ली से वाणिज्य में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। एक अगस्त, 1988 को दिल्ली बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकित हुए। जून 1995 में सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट आन रिकार्ड के रूप में योग्यता प्राप्त की। दिल्ली, रांची, आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट समेत अन्य शहरों में वकीलों को वकालत कौशल में प्रशिक्षित किया। 1988 में बार काउंसिल आफ दिल्ली में वकील के रूप में नामांकित हुए। 20 वर्षों तक सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट के लिए बार काउंसिल आफ इंडिया के स्थायी वकील रहे। 17 अप्रैल, 2013 से दिल्ली हाई कोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया और 18 मार्च 2015 को स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्त हुए।