
जबलपुर। खटीक समाज के युवक ने कोष्टा समाज की युवती से प्रेम विवाह किया। यह बात जब गूजर खटीक समाज के लोगों को पता चली, तो वे नाराज हो गए और युवक के डॉक्टर पिता और उनके परिवार को समाज के लोग प्रताड़ित करने लगे। वहीं उन्हें समाज से बहिष्कृत कर जूठन खिलाने का दबाव बनाते हुए एक लाख रुपए हर्जाना भी वसूला।
तंग होकर युवक के पिता ने न्यायालय की शरण ली। हनुमानताल थाना प्रभारी विजय तिवारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर 14 आरोपितों पर मामला दर्ज कर प्रकरण को जांच में लिया है।
आरोपित एक लाख रुपए लेने के बाद भोजन में हुए थे शामिल
खटीक मोहल्ला निवासी एक नेत्र रोग विशेषज्ञ ने कोर्ट में आवेदन दिया था कि 12 फरवरी 2014 को उनके बेटे ने एक युवती से प्रेम विवाह किया था। विवाह की बात खटीक समाज सेवा समिति के अध्यक्ष मुन्नालाल भोजक को मिली। मुन्नालाल ने पंचायत के माध्यम से पूरे परिवार को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। वहीं यह भी निर्देश दिए कि उन लोगों से जो भी संबंध रखेगा उसे भी समाज से निकाल दिया जाएगा।
अध्यक्ष के साथ मगन पटारिया, करण दलाल भोजक, बबन चौधरी, राजेन्द्र पोरिया, दशरथ माहर, पवन नायक, छोटेलाल भोजक, लखन ढाडी, रमेश सिंह पीपड़ा, श्यामलाल सप्रे, दिलीप अविद्रा, महेन्द्र जांगड़े और महेश उर्फ टाइगर रत्नाकर ने पंचायत में निर्णय लिया कि यदि इन्हें समाज में लिया जाना है, तो 1 लाख रु. का हर्जाना और समाज के लोगों को भोजन कराने के लिए दबाव बनाया।
आरोपितों ने एक लाख रुपए हर्जाना वसूलने के बाद भोजन के दौरान डॉक्टर और उनके परिजन को जूठन खिलाने के लिए दबाव बनाया था।