
नईदुनिया प्रतिनिधि, अनूपपुर। नर्मदा उद्गम नगरी अमरकंटक स्थित मां नर्मदा उद्गम मंदिर परिसर में एक हाथी और घोड़े की प्रतिमा स्थापित है। यह प्रतिमा सीधे नर्मदा मंदिर की तरफ बनी हुई है। इस हाथी की प्रतिमा के नीचे से लोग आस्था के साथ निकलते हैं और सीधे मां नर्मदा जी का साष्टांग दंडवत प्रणाम करते हैं। यह प्रतिमा पत्थर की बनी हुई है।
कई बार इस प्रतिमा से बड़े आकार के शरीर वाले लोग निकलने में काफी परेशान होते हैं। लोग ऐसा मानते हैं कि जो व्यक्ति बिना किसी परेशानी के हाथी की मूर्ति के पैरों के बीच बने संकरे रास्ते से निकल जाता है, उसकी मनोकामना पूरी होती है। कुछ लोग इसे अपने अच्छे और बुरे कर्मों से जुड़ी परीक्षा के तौर पर भी देखते हैं।
सदियों पुरानी धार्मिक मान्यता के चलते काले पत्थर से बनी हाथी की प्रतिमा के नीचे से निकलने का प्रयास कर रहा एक श्रद्धालु बीच में ही बुरी तरह फंस गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक पेट के बल लेटकर हाथी के पैरों के बीच बनी बेहद संकरी जगह से निकलने की कोशिश कर रहा है। लेकिन शरीर फंस जाने के कारण वह न आगे बढ़ पा रहा था और न ही पीछे निकल पा रहा था।
अमरकंटक में हाथी की मूर्ति के नीचे से निकलते वक्त फंस गया श्रद्धालु, वायरल वीडियो में देखें कैसे बाहर निकला #MPViralVideo #Mpnews #viralvideo https://t.co/0ioFQUyePn
— Akash Sharma (@Yourstrulyakash) November 23, 2026
काफी देर तक उक्त व्यक्ति आगे निकलने की जद्दोजहद करता रहा। वहां मौजूद एक पुजारी भी उक्त व्यक्ति को आगे निकलने के लिए प्रयास करने को कहते सुने गए। कुछ देर बाद वहां मौजूद एक महिला जब से पर्स निकाल लेती है, फिर खिसकते हुए वह व्यक्ति आखिर बाहर आ गया। इस दौरान वहां काफी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे।
बताया गया है कि हाथी प्रतिमा की ऊंचाई और लंबाई 3 फीट है तथा पैरों के बीच की चौड़ाई 1 फीट है। यहीं से लोग निकलते हैं। अमरकंटक आए हुए श्रद्धालु जब नर्मदा उद्गम कुंड से दर्शन कर मंदिर की तरफ बढ़ते हैं तो यह हाथी की प्रतिमा मिलती है और उससे मान्यता स्वरूप लोग नीचे से निकलने की परंपरा का निर्वहन भी करते हैं।