
Jabalpur Crime : जबलपुर,नईदुनिया प्रतिनिधि। पनागर क्षेत्र में महिला की अंधी हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महिला के भतीजे ने ही हत्या को अंजाम दिया था। उसने महिला की डांट से नाराज होकर यह वारदात की। जब महिला नहाती थी तो आरोपित उसे छिपकर झांकता था। महिला उसकी हरकत से तंग हो चुकी थी और कई बार उसे डांटा भी। मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसे गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे शुक्रवार तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने जांच के दौरान अल्का के जेठ राजकुमार केसरवानी के बेटे हर्ष केसरवानी (22) से पूछताछ की। पुलिस को उसकी बातें संदेहास्पद लगीं, तो उससे कड़ाई से पूछताछ की गई। उसने बताया कि 17 मार्च को वह लोवर में हथौड़ा छिपाकर ले गया। घर में अल्का काम कर रही थी। उसने मौका पाया और उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। अल्का जमीन पर गिरी, तो उसने कई और वार कर उसकी हत्या की और फिर घर लौट आया। हथौड़े को छिपा दिया ।
गुरुनानक वार्ड निवासी अल्का केसरवानी (40) के पति राजकुमार केसरवानी की पांच साल पहले मौत हो चुकी है। उनके बच्चे नहीं थे। अल्का अकेले रहती थी। जीवन यापन करने के लिए वह सिलाई का काम करती थी। अल्का की परिचित महिलाओं द्वारा रविवार से अल्का को फोन लगाया जा रहा था, लेकिन फोन बंद था। बाद में परेशान होकर महिलाएं घर पहुंची तो दरवाजा खुला था और अंदर अल्का का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। बाद में पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। अल्का के सिर पर चोट के निशान थे। मामले में पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज किया था।
एसआइ मयंक कुमार के अनुसार महिला अपना घर भी बेचना चाहती थी। इसके लिए उसने कई लोगों से बातचीत भी की थी, लेकिन हर्ष चाहता था कि वह घर उसे मिल जाए, इसके चलते भी वह अल्का से नाराज था।