Jabalpur News : जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। अगले 16 दिनों के भीतर संस्कारधानी जबलपुर में दिग्गजों का आना-जाना लगा रहेगा। शहर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नगर आगमन भी संभावित है। वे यहां विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे लिहाजा जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।
कार्यक्रमों की जमीनी तैयारी का दारोमदार नगर निगम पर है लिहाजा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के जरूरी अवकाश रद कर दिए गए हैं। निगमायुक्त ने निर्देश जारी किए हैं कि शहर में संभावित तीन बड़े कार्यक्रमों की तैयारी करें। अति आवश्यक कार्य को कारण छोड़कर कोई भी अधिकारी कर्मचारी छुट्टी पर नहीं जाएंगे।
आगामी विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित नहीं हुई है पर महाकोशल की राजनीति का केंद्र बिंदु कहे जाने वाले जबलपुर में चुनावी रंगत घुलने लगी है। विदित हो कि मुख्यमंत्री चोहान 25 अगस्त 2023 को जबलपुर में जन दर्शन यात्रा निकाल कर चुनावी विगुल फूंक चुके हैं। इसके बाद से उनका जबलपुर आना-जाना लगा हुआ है।
जबलपुर के आस-पास के जिलों में भी आयोजित राजनीतिक कार्यक्रमों में शिरकत करने दिग्गज पहुंच रहे हैं। अब तक 22 सितंबर को फिर मुख्यमंत्री जबलपुर पहुंच रहे हैं। ये जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होंगे। ये यात्रा कैंट विधानसभा और पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में संभावित है। कैंट में तो भाजपा का दबदबा है लेकिन पश्चिम फिलहाल भाजपा से अभी दूर है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक 27 सितंबर को हाई कोर्ट के नए भवन की आधारशिला रखी जाएगी। इस कार्यक्रम में की राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू का दौरा प्रस्तावित है। इसके अलावा वे शहर में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति के नगर आगमन को देखते हुए जिला, पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
पांच अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नगर आगमन संभावित है। वे यहां वीरागंना रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती पर मदनमहल किले के समीप 100 करोड़ की लागत से रानी दुर्गावती स्मारक का भूमिपूजन कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने जहां तैयारियां शुरू कर दी है वहीं नगर निगम भी जमीनी तैयारियों में जुट गया है। निगमायुक्त स्वप्निल वानखडे ने निगम अधिकारियों के वाटसअप ग्रुप में उक्त तीन बड़े कार्यक्रमों का हवाला देते हुए तैयारियों में जुट जाने के निर्देश दिए हैं।