
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बहुजन चेतना विकास मंच के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम झारिया उर्फ राधे के काफिले पर रविवार दोपहर हमला कर दिया गया।
बेलखेड़ा के मातनपुर के पास कारों से पहुंचे हमलावरों ने उनके काफिले को घेर लिया और लाठियों व पत्थरों से कार और पीछे चल रही जीप में तोड़फोड़ कर दी।
ग्राम झलोन निवासी राधेश्याम अपने साथियों के साथ नरसिंहपुर में बिरसा मुंडा जयंती के कार्यक्रम और प्रस्तावित प्रेस कान्फ्रेंस में शामिल होने जा रहे थे। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान जबलपुर-नरसिंहपुर मार्ग पर बीच रास्ते में उनके वाहनों को आगे और पीछे से कारों ने रोक लिया। इसके बाद हमलावरों ने हमला कर दिया।
राधेश्याम और उनके साथी जान बचाकर मौके से भाग निकले। घटना में हवाई फायरिंग किए जाने का आरोप भी लगाया गया है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
मुंगवानी में पांच नवंबर को आयोजित आदिवासी सम्मेलन में राधेश्याम ने कुछ जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद विभिन्न समाजों की ओर से ज्ञापन भी सौंपे गए थे। इसी विवाद के चलते उन पर हमला होने की आशंका है। पुलिस घटना की जांच कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में फर्जी दस्तावेजों से बैंक को लगाया 90 लाख का चूना, 75 लाख निकालकर फरार हुए आरोपी