बयानों, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद बरगी क्रूज हादसे की न्यायिक जांच रिपोर्ट तैयार, एक सप्ताह में सरकार को सौंपने की संभावना
बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे की न्यायिक जांच रिपोर्ट लगभग तैयार हो गई है। फिलहाल इसमें आंशिक संशोधन किए जा रहे हैं।
Publish Date: Tue, 27 Oct 2026 06:51:41 PM (IST)Updated Date: Tue, 27 Oct 2026 06:53:16 PM (IST)
बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे की न्यायिक जांच रिपोर्ट लगभग तैयार हो गई है। फाइल फोटोHighLights
- सवालों पर स्थिति स्पष्ट होने की अपेक्षा
- रिपोर्ट में आंशिक संशोधन किए जा रहे हैं
- हादसे में 13 लोगों की मृत्यु हुई थी
सुरेन्द्र दुबे, नईदुनिया, जबलपुर। बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे की न्यायिक जांच रिपोर्ट लगभग तैयार हो गई है। फिलहाल इसमें आंशिक संशोधन किए जा रहे हैं। करीब एक सप्ताह में रिपोर्ट को अंतिम रूप देकर राज्य सरकार को सौंप दिया जाएगा।
इसके बाद आयोग की अनुशंसाओं के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। जांच कर रहे एकल सदस्यीय आयोग के अध्यक्ष और हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति संजय द्विवेदी ने इसकी पुष्टि की है।
सवालों पर स्थिति स्पष्ट होने की अपेक्षा
आयोग ने हादसे के कारणों, सुरक्षा प्रबंधों, बचाव कार्य और जिम्मेदारी तय करने को लेकर क्या निष्कर्ष निकाले हैं, इसे लेकर प्रभावित पक्ष इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट में दुर्घटना से जुड़े प्रशासनिक और संचालन संबंधी सवालों पर स्थिति स्पष्ट होने की अपेक्षा है।
हादसे में 13 लोगों की मृत्यु हुई थी
बता दें, इसी वर्ष 30 अप्रैल को बरगी बांध के जलाशय में मध्य प्रदेश पर्यटन का क्रूज डूब गया था। हादसे में 13 लोगों की मृत्यु हुई थी, जबकि 28 लोगों को बचाया गया था। जांच के दौरान आयोग ने हादसे से जुड़े विभिन्न पक्षों के बयान दर्ज किए। इनमें पर्यटन विभाग और मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे।
बयानों, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद रिपोर्ट तैयार
जून में पर्यटन विभाग के सचिव इलैयाराजा टी और पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक दिलीप यादव आयोग के समक्ष उपस्थित हुए थे। आयोग ने दुर्घटना के संचालन संबंधी, प्रशासनिक और तकनीकी पहलुओं की पड़ताल की। दर्ज बयानों, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद रिपोर्ट तैयार की गई है।