
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे की न्यायिक जांच मंगलवार से शुरू हो गई। कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 43 में रिटायर्ड जस्टिस संजय द्विवेदी की अध्यक्षता में गठित जांच आयोग ने आते ही सबसे पहले प्रशासन द्वारा दर्ज किए गए बयानों की फाइल देखी। इस दौरान यह बात सामने आई कि क्रूज हादसे में अब तक तकनीकी पक्ष को नजरअंदाज किया गया। क्रूज के मेंटेनेंस और उसके इंश्योरेंस से जुड़े तथ्यों पर अब तक ज्यादा जोर नहीं दिया गया। इतना ही नहीं यह बात भी सामने आई है कि बरगी रिसॉर्ट प्रबंधन के पत्र लिखने के बाद की कार्रवाई पूरी नहीं की और क्रूज का संचालन चलता रहा। अब रिटायर्ड जस्टिस सभी पक्षों को खंगालने में जुट गए हैं। दरअसल इस जांच रिपोर्ट के आधार पर ही प्रदेशभर में संचालित क्रूज की नियमावली बनेगी।
इधर, नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने कई गंभीर मुद्दे उठाते हुए प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए। मंच ने आरोप लगाया कि दुर्घटनाग्रस्त क्रूज को जांच प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही नष्ट कर दिया गया, जिससे संभावित तकनीकी साक्ष्य नष्ट हो सकते हैं। मंच के अध्यक्ष डॉ. पी. जी. नाजपांडे और अधिवक्ता वेदप्रकाश अधौलिया ने आयोग के समक्ष दायर याचिका में कहा कि एक्ट में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है, जो जांच पूरी होने से पहले दुर्घटनाग्रस्त क्रूज या नाव को नष्ट करने की अनुमति देता हो। याचिकाकर्ताओं ने इसे “सबूत मिटाने” से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए इसकी स्वतंत्र जांच की मांग की।
सुनवाई के दौरान आयोग के समक्ष यह सवाल प्रमुखता से उठा कि जब हादसे में शामिल क्रूज को ही नष्ट कर दिया गया, तब उसकी फिटनेस, तकनीकी खामियों, सुरक्षा मानकों और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच आखिर किस आधार पर की जाएगी। नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने आयोग को बताया कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने 12 सितंबर 2023 के अपने आदेश में जलाशयों में संचालित होने वाली नावों और क्रूज में फोर-स्ट्रोक आउटबोर्ड इंजन को अनिवार्य बताया था। इसके बावजूद हादसे वाली क्रूज कथित रूप से दो 105 एचपी डीजल इंजनों से संचालित हो रही थी। मंच का दावा है कि हादसे के दौरान इनमें से एक इंजन फेल हो गया था, जिससे नियंत्रण बिगड़ा।
याचिका में यह आरोप भी लगाया गया कि क्रूज संचालकों के पास पर्यावरणीय मंजूरी और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। साथ ही कई वर्षों से क्रूज का अनिवार्य तकनीकी सर्वे भी नहीं कराया गया था। मंच ने दावा किया कि बिना वैध सर्वे सर्टिफिकेट के ही उसका संचालन किया जा रहा था, जो सीधे तौर पर इंडियन वेसल्स एक्ट 2021 और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की नाव सुरक्षा गाइडलाइन का उल्लंघन है।
सुनवाई के दौरान जांच आयोग के अध्यक्ष जस्टिस संजय द्विवेदी ने याचिका में उठाए गए बिंदुओं को गंभीर मानते हुए कहा कि सभी तथ्यों को जांच में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। आयोग ने याचिकाकर्ताओं को संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं और आगे की सुनवाई में भी उन्हें पक्ष रखने का अवसर देने की बात कही है। बरगी जलाशय में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ सुरक्षा मानकों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से यह मांग होती रही है कि जल परिवहन और पर्यटन गतिविधियों के लिए स्पष्ट सुरक्षा ऑडिट, फिटनेस जांच और पर्यावरणीय अनुमति को अनिवार्य रूप से सार्वजनिक किया जाए। अब न्यायिक जांच के दौरान उठे नए सवालों ने पूरे मामले को और संवेदनशील बना दिया है।
यह भी पढ़ें- 17 हजार घरों को मिलेगी बेहतर बिजली... जबलपुर में जून तक बन जाएगा रानीताल सब स्टेशन, उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत