नईदुनिया, जबलपुर (Jabalpur Crime)। पालीवाल कालोनी खितौला रोड सिहोरा निवासी अमन अग्रवाल ने भाजपा सिहोरा नगर मंडल अध्यक्ष अंकित तिवारी पर मारपीट करने व जाने से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम खैरी में एक पिता ने अपने पुत्र पर गोली दाग दी।
लिखित शिकायत उन्होंने रविवार दोपहर खिताैला थाना में दर्ज कराई है। अमन ने पुलिस को बताया कि वे शनिवार को आवश्यक कार्य से खितौला बाजार गए थे। जहां से रात लगभग 10 बजे अपने घर लौट रहे थे।
रास्ते में एक मिठाई की दुकान के समीप मंडल अध्यक्ष अंकित तिवारी ने वाहन अड़ाकर उसका रास्ता रोक लिया। अंकित के साथ पवन गुप्ता, गोलू सेन, मोहित गुप्ता एवं उसके कुछ अन्य साथी मौजूद थे। रास्ता रोकते ही अंकित और पवन ने अपशब्द कहे जिसके बाद सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की।
पीटने के बाद अंकित तिवारी ने धमकी दी कि ‘खितौला थाने में जो रिपोर्ट दर्ज कराई है उसे वापस लो नहीं तो जान से मरवा दूंगा।’ उसके साथियों ने भी झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।
फरियादी अमन ने कहा कि अंकित व उसके साथियों से उसे व उसके भाई कान्हा तिवारी को जान का खतरा है। उसने स्वयं व परिवार के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की है। खितौला थाना प्रभारी नर्बद सिंह धुर्वे ने बताया कि अमन अग्रवाल द्वारा की गई शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है।
पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम खैरी में गोली दागने के घायल पुत्र को मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया गया है। वारदात के पीछे जमीन बंटवारे को लेकर दोनों के मध्य मतभेद होना बताया जा रहा है। जिस बंदूक से गोली चलाई गई वह लाइसेंसी है। पुलिस ने आरोपित पिता खिलन सिंह को गिरफ़तार कर लिया है।
हरदुआ खैरी निवासी शिवराज सिंह ठाकुर (25) के पिता खिलन सिंह के पास दोनाली लाइसेंसी बंदूक है। दोनों के मध्य कुछ दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार को सुबह दोनों कहासुनी हुई। मारपीट की नौबत आ गई।
खिलन सिंह घर के अंदर गया और अपनी दोनाली बंदूक लाकर पुत्र पर फायर कर दिया। गोली सीधे कमर के पास पेट में जाकर लगी। वारदात के बाद घायल की पत्नी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने ससुर खिलन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए है।
वहीं, आरोपित की ओर से बंदूक साफ करते समय गलती से ट्रिगर दबने की बात कही गई है। पुलिस ने आरंभिक कार्यवाही करते हुए आरोपित पिता को गिरफ्तार किया है। दोनों की पक्षों की शिकायत पर जांच की जा रही है।