BJYM: जबलपुर के गोलबाजार से शुरू होगी भाजयुमो की युवा संकल्प यात्रा
भारतीय जनता युवमोर्चा की युवा संकल्प यात्रा जबलपुर के गोलबाजार से शुरू होगी।
By Ravindra Suhane
Edited By: Ravindra Suhane
Publish Date: Mon, 16 Aug 2021 02:11:30 PM (IST)
Updated Date: Mon, 16 Aug 2021 02:11:30 PM (IST)

जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा पूरे देश में युवा संकल्प यात्रा निकाल रहा है। शहर में यह यात्रा सोमवार की दोपहर तीन बजे गोलबाजार से शुरू होगी जिसमें युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष वैभव पवार भी शामिल होंगे।
युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष रंजीत पटेल ने बताया कि पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इसके अंतर्गत दोपहर 3:00 बजे शहीद स्मारक गोलबाजार से युवा संकल्प यात्रा प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा वैभव पवार के नेतृत्व में निकाली जाएगी। इस साइकिल यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे। युवा संकल्प यात्रा साइकिल रैली के रूप में शहीद स्मारक गोलबाज़ार से प्रारंभ होकर मालवीय चौक, तीनपत्ती, नौदराब्रिज़ से होकर रसलचौक, चौथापुल, खालसा स्कूल रोड से गुजरते हुए शहीद स्तंभ चौक सदर में समाप्त होगी। इसको लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। दोपहर तीन बजे हरी झंडी दिखाकर यात्रा शुरू की जाएगी। यात्रा करीब 15 किलोमीटर का सफर तय करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे: युवा संकल्प साइकिल यात्रा में शामिल होने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार सुबह ही शहर पहुंच गए। वे यहां अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे तथा रात में सड़क मार्ग से मैहर के लिए रवाना हो जाएंगे। यात्रा में शामिल होने के लिए भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं युवा मोर्चा मध्यप्रदेश के प्रभारी, महाराष्ट्र पुणे से विधायक राम सातपुते भी सुबह शहर पहुंच गए। संस्कारधानी में प्रथम नगर आगमन डुमना एयरपोर्ट पर उनका युवा मोर्चा अध्यक्ष रंजीत पटेल नेतृत्व में युवाओं ने स्वागत किया।