
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार रात करीब आठ बजे ट्राला ने एक कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार चकनाचूर हो गई। कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। मृतक की पहचान सीधी निवासी राजेश शर्मा के रूप में की गई है।
दुर्घटना शारदा मंदिर के पास हुई। नागा घाटी एक बार फिर भीषण सड़क हादसे का गवाह बनी। कार सवार रायपुर से सगाई समारोह से लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद यातायात बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाया। उसके बाद आवाजाही सामान्य हो सकी। इस दौरान लगभग एक घंटे तक यातायात प्रभावित हुआ।
एक कार में सवार सात लोग मंडला की ओर से आ रहे थे। वे रायपुर से उमरिया जिले के चंदिया जा रहे थे। कार के पीछे एक ट्राला चल रहा था। शारदा मंदिर नागा घाटी क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्राला ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सभी लोग क्षतिग्रस्त वाहन में फंस गए।
स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। सभी घायल कार के अंदर फंसे हुए थे। पुलिस के पहुंचने के बाद कार को काटकर सभी को बाहर निकाला गया। प्रारंभिक परीक्षण में कार सवार एक व्यक्ति मृत पाया गया। पांच लोग गंभीर रूप से घायल मिले, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है।
कार में पीछे बैठा एक व्यक्ति चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया। घायलों में अनिल शर्मा, पंकज शर्मा, अनिल द्विवेदी शामिल है। बरेला पुलिस ने शव को मेडिकल अस्पताल की मरचुरी में रखवाया है। बरेला पुलिस ने ट्राला जब्त कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि आरोपित चालक पर मामला पंजीबद्ध किया गया है।
नागा घाटी और बरेला क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में इसी क्षेत्र में एक हाईवा और कार की टक्कर के बाद कार में आग लग गई थी, जिसमें हरियाणा के दो युवकों की जिंदा जलने से मौत हो गई थी। इससे पहले भी इसी मार्ग पर कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान जा चुकी है और कई परिवार उजड़ गए हैं।
बरेला-मंडला मार्ग पर शारदा मंदिर नागा घाटी क्षेत्र कुछ समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र बना हुआ है, लेकिन अब तक प्रभावी सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए। अनियंत्रित गति, भारी वाहनों का अनियंत्रित संचालन, पर्याप्त संकेतकों और प्रकाश व्यवस्था का अभाव, सड़क किनारे अतिक्रमण एवं यातायात नियमों की अनदेखी हादसों की प्रमुख वजह हैं।
यह भी पढ़ें- संवेदनशील मौत मामलों में निष्पक्ष जांच और सुनवाई पर जोर, हाई कोर्ट के दो आदेशों ने तय किए मानक