
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। प्रेम विवाह के बाद दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। नवविवाहिता ने पति सहित ससुराल पक्ष पर मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की जनसुनवाई में पहुंची। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता नेहा भसीन (निवासी एसबीआई कालोनी उखरी) ने बताया कि उसने 19 दिसंबर 2024 को हनुमानताल स्थित शारदा मंदिर में प्रकल्प अहिरवार से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद वह त्रिमूर्ति नगर, गोहलपुर स्थित ससुराल में रहने लगी।
विवाह के कुछ समय बाद पति, सास निरंतरा अहिरवार, ससुर दिलीप अहिरवार और ननद मिली ने दहेज को लेकर प्रताड़ित किया। परिवार के सदस्य ताना देते थे कि अन्य जगह विवाह होता तो अधिक दहेज मिलता। ससुराल पक्ष लगातार मायके से 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाता रहा। विरोध करने पर पति ने मारपीट की। 22 दिसंबर 2025 को मारपीट कर घर से निकाल दिया, जिसके बाद से मायके में रह रही है।
नेहा ने यह भी आरोप लगाया कि उसने पति को आनलाइन 2 लाख 31 हजार 862 रुपये और एक लाख रुपये नकद दिए, साथ ही सोने की अंगूठी भी दी, जिसे ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिया। 13 मार्च को महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उसके बाद उसने जनसुनवाई में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।