
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर शहर के सर्वाधिक लाइन लास और बिजली चोरी वाले क्षेत्रों में बिजली विभाग ने गुरुवार को सघन जांच अभियान चलाया। जेसू पूर्व संभाग के अंतर्गत चांदनी चौक, पसियाना, बहोराबाग, मदार टेकरी, स्लाटर हाउस, चारखंभा और मोतीनाला समेत अन्य क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में कुछ ही घंटों में बिजली चोरी करते पाए गए करीब 150 उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
जांच में बड़ी संख्या में स्मार्ट मीटर लगे होने के बावजूद उनसे छेड़छाड़ कर बिजली चोरी किए जाने के मामले भी सामने आए। अभियान की खास बात यह रही कि बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज करने के साथ ही संबंधित कनेक्शन तत्काल काटे गए।
विभाग ने दो अतिरिक्त गैंग लगाकर पोल से लाइन काटने की कार्रवाई भी की। चोरी में संलिप्त उपभोक्ताओं के खिलाफ पंचनामे तैयार करने के बाद तत्काल बिलिंग की गई और करीब 15 लाख रुपये से अधिक की राशि के अनंतिम निर्धारण आदेश जारी किए गए।
कार्रवाई का नेतृत्व अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने किया। उनके साथ जेसू पावर हाउस के कार्यपालन अभियंता हरीश गुप्ता सहित शहर के 12 कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंताओं की टीमें कार्रवाई में शामिल रहीं। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर लोगों ने विरोध और हंगामा करने का प्रयास किया लेकिन विभाग की टीम में महिला अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल थे।
देर शाम तक जांच चलती रही। अधिकारियों के अनुसार पहले बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज होने के बाद तत्काल कनेक्शन काटने में व्यावहारिक दिक्कतें आती थीं, जिससे कार्रवाई का अपेक्षित असर नहीं हो पाता था। इस बार विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के तहत चोरी में संलिप्त उपभोक्ताओं के कनेक्शन तत्काल काटे गए हैं।
बड़े घरों में भी पकड़ी चोरी अभियान से पहले विभाग ने तकनीकी आधार पर क्षेत्रों की समीक्षा कर बिजली चोरी की आशंका वाले उपभोक्ताओं को चिह्नित किया था। जांच के दौरान अधिकारियों को कई स्थानों पर स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ के मामले मिले। अधिकारियों के अनुसार केवल छोटे मकानों या सामान्य उपभोक्ताओं तक बिजली चोरी सीमित नहीं थी, बल्कि बड़े मकानों में भी चोरी के मामले पकड़े गए।