
जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। शनिवार सुबह से ही आसमान पर बादलों की आवाजाही का दौर शुरू रहा। आसमान पर छाए काले बादलों को देखते हुए झमाझम के आसार है। शुक्रवार को धूप, बादल और हल्की बूंदाबांदी के बीच मौसम का मिजाज नरम रहा। दिन में कुछ समय के लिए धूप खिली रही इसके बाद आसमान पर बादल मंडराते रहे। शाम हुई तो हल्की बूंदाबांदी होने लगी। रात होते-होते आसमान पर इस तरह बादल छाए कि लगा झमाझम वर्षा होगी, लेकिन चंद मिनटों तक बूंदाबांदी कर बादल हवा हो गए। मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही नरम रहेगा। एक ट्रफ लाइन पश्चिमी-पूर्वी राजस्थान से उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बन रही है। उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश पर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़कर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में तब्दील हो गया है।
नदी, तालाब लबालब, होने लगा हल्की ठंड का अहसास-
बहरहाल सीजन में अब तक हुई 52 इंच से ज्यादा वर्षा के बाद नदी, तालाब, बरगी बांध लबालब हो गए हैं। शहर की जलापूर्ति करने वाले परियट, खंदारी जलाश्य भी ओवर फ्लो हो गए हैं। आस-पास के जिलों में वर्षा होने से बरगी बांध का जलस्तर बढ़ रहा है। बांध के 13 द्वार खोले जाने से नर्मदा भी उफान पर हैं। ग्वारीघाट, तिलवारा घाट के तट जहां डूब गए हैं वहीं नर्मदा किनारे लगने वाली दुकानें ऊपर सज गई हैं। वहीं वातावरण में हल्की ठंडक का अहसास भी होने लगा है। शुक्रवार को दिन में धूप, बादल के बीच ठंडी हवाओं के झोंके भी लोगों ठंडक का अहसास कराते रहे।
तापमान में घट-बढ़ का दौर जारी
मौसम के बदलते मिजाज से तापमान में भी घटबढ़ का दौर जारी है। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान भी 28.8 डिग्री सेल्सियस से आंशिक रूप से बढ़कर 29.0 डिग्री रिकार्ड किया गया था, वहीं शुक्रवार को आंशिक रूप से कम होकर 28.4 पर आ गया। वहीं रात के तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा।
53 इंच हो चुकी वर्षा-
मानसून सीजन में अब तक कुल 1345.4 मिलीमीटर यानी 52.9 इंच वर्षा हो चुकी है। वहीं गत वर्ष आज के दिन तक 625.4 मिलीमीटर यानी 24.6 इंच वर्षा हुई थी। इस हिसाब से गत वर्ष की तुलना से इस वर्ष 28 इंच ज्यादा वर्षा हो चुकी है। बीते 24 घंटे में ही आधा इंच वर्षा रिकार्ड की गई है।
मौसम बाक्स--
सूर्योदय- 6:00 बजे
सूर्यास्त- 6:05 बजे
तापमान
अधिकतम 28.4
न्यूनतम 22.8
आर्द्रता - 85
- 87
पूर्वानुमान
जबलपुर सहित संभाग में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, कहीं-कहीं बिजली गिरने की संभावना है।
पूर्वानुमान - अधिकतम - न्यूनतम
जबलपुर
24 सितंबर- 31.0 - 23.0
25 सितंबर - 30.0 - 24.0