Cobra Snake: जबलपुर में चार घंटे घर के भीतर बैठा रहा कोबरा
जबलपुर में एक कच्चे मकान में कोबरा सांप करीब चार घंटे बैठा रहा। बाद में सर्प विशेषज्ञ ने उसे पकड़ लिया।
By Ravindra Suhane
Edited By: Ravindra Suhane
Publish Date: Mon, 16 Aug 2021 12:45:52 PM (IST)
Updated Date: Mon, 16 Aug 2021 01:41:55 PM (IST)

जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। संजीवनी नगर नब्बे क्वार्टर के पीछे बने एक कच्चे मकान में घुसा कोबरा करीब चार घंटे तक घर के लोगों को डराता रहा। इस बीच एकत्र हुए मोहल्ले के लोगों ने उसे भगाने का प्रयास तो किया लेकिन वह अपनी जगह से टस से मस नहीं हुआ। आखिरकार लोगों ने सर्प विशेषज्ञ को बुलाया जिसने रेस्क्यू कर कोबरा को पकड़ा। संजीवनी नगर नब्बे क्वार्टर के पीछे बने कच्चे मकान में गोपाल बर्मन और उसका परिवार रहता है। रविवार की दोपहर दो बजे गोपाल की पत्नी जब खाने बनाने पहुंची तो उसने देखा अरिया (मिट्टी से बनी अलमारी) के नीचे काला सांप बैठा था। गोपाल की पत्नी चीखती हुई बच्चों को लेकर बाहर की ओर भागी। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ला के लोग एकत्र हो गए और सांप को भगाने का प्रयास करने लगे लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ।
काफी देर की मशक्कत के बाद भी जब वह नहीं भागा तो लोगों ने फोनकर सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे को सूचना दी। शाम छह बजे मौके पर पहुंचे सर्प विशेषज्ञ ने करीब 15 मिनट तक रेस्क्यू किया। आखिरकार सांप उनकी पकड़ में आ ही गया जो करीब पांच फीट लंबा और कोबरा प्रजाति का था। पकड़ में आए कोबरा को जंगल में ले जाकर छोड़ा गया।
गोपाल की पत्नी हुई बेहोश: सर्प विशेषज्ञ जब सांप को पकड़ने के लिए रेस्क्यू कर रहे थे तो वह इतनी जोर से फुफकार रहा था कि आसपास मौजूद सभी लोग दहशत में आ गए। सांप की फुफकार सुनकर गोपाल की पत्नी तो बेहोश होकर गिर ही पड़ी। सांप को पकड़ने के बाद गजेंद्र दुबे ने प्राथमिक उपचार देकर गोपाल की पत्नी को भी ठीक किया।