
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मौसम साफ होते ही ठंड ने एक बार फिर पलटवार किया है। मंगलवार की सुबह घने कोहरे में लिपटी रही। कोहरा इतना घना था कि पांच फीट दूर खड़ा व्यक्ति भी नजर नहीं आ रहा था।
सर्द हवा भी ठिठुरन बढ़ाती रही। दिन चढ़ते ही धूप निकली तो ठंड का असर कुछ कम हो गया परंतु सूरज ढलते ही ठंड का असर बढ़ गया। हवा की दिशा में भी पूरी तरह से उत्तरी रही। उत्तरी ठंडी हवा लोगाें को सिहराती रही।
मौसम विभाग की माने तो पहाड़ों से आ रही ठंडी हवा से दिन का तापमान जहां 27 डिग्री के आसपास बना हुआ है वहीं रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान चार डिग्री की गिरावट के साथ 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि मौसम विभाग को जो संकेत मिल रहे हैं उसके अनुसार 28 नवंबर के बाद एक बार फिर मौसम की रंगत बदल सकती है। वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग क्षेत्रों में बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं में एक ट्रफ के रूप में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अलावा गुजरात और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
उत्तरी महाराष्ट्र और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण अब कोंकण एवं गोवा के ऊपर स्थित है। इन मौसमी प्रणालियों का प्रभाव जबलपुर सहित आस-पास के जिलों के मौसम पर भी पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- 'हर बेदखली में किरायेदारी समाप्ति का नोटिस जरूरी नहीं', हाई कोर्ट ने खारिज की किरायेदार की अपील