जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। शासकीय जबलपुर इंजीनियरिंग कालेज के छात्र आपस में टकरा गए। दोनों पक्षों ने मोनी तिराहा पर एक-दूसरे से जमकर मारपीट की। एक पक्ष में जहां कालेज के छात्रावास में रहने वाले छात्र शामिल थे, तो वहीं दूसरे पक्ष में निजी छात्रावास के छात्र थे। एक गुट ने निजी छात्रावास में घुसकर छात्रों से की मारपीट। सूचना मिलते ही रांझी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर दस आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
रांझी थाने की पुलिस ने बताया कि जबलपुर इंजीनियरिंग कालेज में पढ़ाई करने वाले अभिषेक राठौर, हर्षित गौतम और प्रशांत पांडे समेत अन्य मोनी तिराहा के पास निजी छात्रावास में रहते हैं। वे कालेज में अजान सोसायटी के सदस्य है। सोसायटी द्वारा बुधवार को कालेज परिसर में ड्रामा आयोजित कराया गया। यह बात सरकारी छात्रावास में रहने वाले मनमोहन शर्मा, यशवंत सिंह, पराग तिवारी, अर्पित नागवंशी, गगन शुक्ला, ऋतिक पटेल और अयुब सिंह को रास नहीं आई और उन्होंने आपत्ति की। दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया। लेकिन इसके बाद रात लगभग आठ बजे मनमोहन शर्मा, यशवंत सिंह, पराग तिवारी, अर्पित नागवंशी, गगन शुक्ला, ऋतिक पटेल और अयुब सिंह मोनी तिराहा पहुंचे और निजी छात्रावास में रहने वाले अभिषेक, हर्षिँत और प्रशांत के कमरों में घुस गए। जहां सभी ने मारपीट कर तोडफोड़ की। इस दौरान अभिषेक, हर्षित और प्रशांत ने भी मनमोहन और उसके साथियों से विवाद किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, तो दोनों पक्षों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में कालेज के प्राचार्य डा.पी झिंगे ने कहा कि अभी तक उनके पास किसी भी पक्ष की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। जैसे ही शिकायत मिलेगी कार्रवाई की जाएगी।