
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस में दिल्ली में हुए घटनाक्रम को लेकर विवाद गहरा गया है। प्रदेश महासचिव एवं सिंगरौली की प्रदेश उपाध्यक्ष सुमनलता डेहरिया ने जबलपुर महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष प्रियंका सोनी पर जातिगत अपमान और मारपीट के आरोप लगाए हैं।
उनका दावा है कि होटल में बाथरूम इस्तेमाल करने को लेकर विवाद हुआ और उन्हें जातिसूचक शब्द कहे गए। इतना ही नहीं, प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी की मौजूदगी में उन्हें होटल से बाहर निकालने और पार्टी से निष्कासित करने की धमकी भी दी गई।
दूसरी ओर, प्रदेश अध्यक्ष ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। इस तरह संगठन के भीतर शुरू हुआ विवाद अब आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है और मामले को संभालने की कोशिशें भी जारी हैं।
सुमनलता डेहरिया के अनुसार, 31 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और एक नवंबर को आयोजित 'वोट बचाओ, देश बचाओ' सभा में शामिल होने के लिए प्रदेश की महिला कांग्रेस पदाधिकारी अपने खर्च पर दिल्ली पहुंची थीं। पहाड़गंज स्थित होटल सन इंटरनेशनल में उन्हें जो कमरा दिया गया था, उसमें पहले से तीन महिलाएं ठहरी हुई थीं।
डेहरिया का आरोप है कि बाथरूम इस्तेमाल करने पर जबलपुर की जिलाध्यक्ष प्रियंका सोनी ने आपत्ति जताई और जातिसूचक टिप्पणी करते हुए उन्हें कर्मचारियों के लिए बने शौचालय का इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने मारपीट का आरोप भी लगाया है।
डेहरिया का कहना है कि उनकी शिकायत सुनने के बजाय उल्टा उनके खिलाफ शिकायत कर दी गई। उन्होंने इस मामले में कांग्रेस के राष्ट्रीय अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम को भी शिकायत भेजी है।
डेहरिया के मुताबिक, रात करीब आठ बजे होटल की लॉबी में प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी, उनके कर्मचारी विजय पाड़ियाल और ग्वालियर की अध्यक्ष ज्योति सिंह की मौजूदगी में उन्हें होटल छोड़ने को कहा गया। पार्टी से निकालने की धमकी देते हुए नोटिस देने के निर्देश भी दिए गए। उनका दावा है कि प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार के हस्तक्षेप के बाद ही उन्हें दोबारा कमरे में जाने दिया गया।
जबलपुर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष प्रियंका सोनी ने कहा कि पूरा मामला प्रदेश अध्यक्ष के संज्ञान में है और कार्रवाई की जा रही है। शिकायतकर्ता पहले भी इस तरह की झूठी शिकायतें करती रही हैं। सिंगरौली जिले के जिलाध्यक्ष ने भी उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा है।
प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी ने कहा कि सुमनलता डेहरिया के साथ कोई अभद्रता नहीं हुई। उन्होंने गलत शिकायत की है, जिसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- सात जजों की नियुक्ति पर हाई कोर्ट में सामाजिक प्रतिनिधित्व की तीखी बहस, फैसला सुरक्षित