नईदुनिया, जबलपुर (Jabalpur News)। एमपी के जबलपुर में कैंट विधानसभा के बिलहरी में खेल मैदान में सेना के जवानों और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच फुटबाल खेलने को लेकर विवाद हो गया। रविवार को मैदान में स्थानीय खिलाड़ी, फुटबाथ मैच का अभ्यास कर रहे थे कि तभी वहां पहुंचे सेना के जवानों ने उन्हें मैदान खाली करने कहा।
इस दौरान जवानों ने मैदान में लगे गोलपोस्ट को भी उखाड़ दिया। यह देख खिलाड़ी और बच्चे, नाराज हो गए। उन्होंने उनकी इस हरकत का विरोध किया। इस बीच नगर निगम अध्यक्ष रिंकु विज और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और अभिभावक वहां पहुंच गए।
नगर निगम अध्यक्ष रिंकु विज ने भी जवानों की इस हरकत पर नाराजगी जताई। फोर टीटीआर आर्मी ट्रेनिंग सेंटर की महिला सैन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंची और उन्होंने बताया कि मैदान में सेना का प्रशिक्षण शिविर लगने जा रहा है।
रिंकु विज ने सेना के अधिकारियों को बताया कि इस ग्राउंड में वर्षो से क्षेत्रीय खिलाड़ी व बच्चे भी खेल प्रशिक्षण लेते हैं। इनके लिए अभ्यास करने के लिए यही एक मात्र मैदान है, लेकिन सेना के इस कदम से खिलाड़ियों का अभ्यास नहीं हो पाएगा।
इधर क्षेत्रीयजनों ने बताया कि शनिवार की रात आर्मी ने बिना किसी पूर्व सूचना के ग्रांउड में लगे फुटबॉल गोल पोस्ट को उखाड़ दिया और मुख्य मार्ग पर फेंक दिया, जिससे बच्चे और खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर सकें।
पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय ठाकुर ने बताया कि खेल मैदान के नाम पर यही मैदान बचा है, जिसमें बड़ी संख्या बच्चें खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियां करते हैं। हमारी मांग बस इतनी है कि खेल मैदान में क्षेत्रीय बच्चों को भी खेलने मिले, भले ही आर्मी समय निर्धारित कर दें।