Jabalpur weather : जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। जिस तरह से ठंड का असर बढ़ रहा है उसे देखते हुए ये संभावना जताई जा रही है कि दीपावली तक ठंड का असर बढ़ जाएगा। नवंबर अंत तक कड़ाके की ठंड पड़ने लगेगी।
आसमान साफ होते ही ठंड ने जोर मारना शुरू कर दिया है। दिन में हल्की तो रात में ठंडी हवा सिहराने लगी है। उत्तरी-पूर्वी हवा के फेर में दिन के तापमान में जहां सप्ताह भर में करीब पांच डिग्री की गिरावट आ चुकी है वहीं रात का पारा सप्ताह भर में सात डिग्री तक नीचे आ गया है। दिन के मुकाबले रात में ठंड का असर बढ़ने से लोग रात में गर्म कपड़े पहनकर निकलते देखे जा रहे हैं।
दिन में धूप के बीच वातावरण में हल्की ठंडक रही वहीं रात होते ही ठंड का असर बढ़ गया। ठंडी हवा में सिहरन महसूस की गई। दिन का तापमान 29.2 डिग्री रहा वहीं न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में अभी और कमी आएगी ठंड का असर बढ़ जाएगा, मसलन नवंबर का महीना ठिठुराने लगेगा।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिम आगे बढ़ गया है जिससे मौसम पूरी तरह से साफ हो गया है। इसी के साथ हवा का रुख भी उत्तर पूर्वी बना हुआ है। उत्तरी ठंडी हवा से वातावरण में ठंडक घुल रही है। फिलहाल अभी तापमान में और गिरावट आएगी रात का तापमान 13-15 डिग्री तक नीचे जा सकता है। वहीं दिन में धूप का असर भी कम होने लगेगा।