जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। वृक्षों से हमें प्राकृतिक आक्सीजन मिलती है। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण करना अत्यंत आवश्क है। इस साल बारिश के मौसम में शहर के अनेक क्षेत्रों में सघन और व्यापक रुप से पौधरोपण कराया जाएगा। यह बातें आइएसबीटी परिसर में पौधरोपण की शुरूआत करते हुए निगमायुक्त संदीप जी आर ने कहीं। उन्होंने नारियल फोड़कर पौधारोपण का आगाज किया।
रोपे 300 से अधिक पौधे: निगमायुक्त संदीप जीआर की पहल पर निगम अधिकारियों ने शहर के विभिन्न स्थानों में लगभग 300 फलदार और छायादार पौधे रोपे। वहीं निगमायुक्त ने बताया कि डुमना, मदनमहल पहाडी से खाली हुई भूमि, आइएसबीटी परिसर के साथ-साथ शहर के अलग अलग क्षेत्रों में व्यापक रुप से पौधरोपण कराने की कार्य योजना तैयार की गई है।
निगम अधिकारी आगे आए: निगम ने बारिश के मौसम में शहर को हरा भरा रखने के लिए विशेष प्रयास शुरू किए है। इसमें निगमायुक्त ने सभी निगम अधिकारियों को इस पहल में आगे आने के लिए कहा है। साथ ही कहा कि नियमित रुप से प्रतिदिन सैकडों की संख्या में पौधे रोपकर पर्यावरण को हरा भरा बनाने की पहल की जाए। रविवार को आइएसबीटी में पौधरोपण के अवसर पर सीओ सचिन विश्वकर्मा और उद्यान अधिकारी आदित्य शुक्ला शामिल हुए।
पौधे लगाकर उनकी देखरेख भी है जरूरी: निगमायुक्त ने कहा कि पौधे लगाना आवश्यक है, लेकिन उनकी देखरेख उससे भी अधिक जरूरी है। पौधों की अच्छी देखरेख से वह बेहतर ढग से बढेंगे और कुछ ही माह में शहर हरा भरा दिखने लगेगा। अधिकारियों से कहा गया है कि वह ऐसे स्थानों को भी चिन्हित करते रहे जहां पौधे रोपे जा सकते है, ताकि अधिक से अधिक पौधरोपण हो सके।