
जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट बार एसोसिएशन जबलपुर की कार्यकारिणी के लिए सात सदस्यों की मतगणना गुरुवार को पूरी हुई। संपूर्ण चुनाव में सभी 54 प्रतिभागियों में सबसे ज्यादा वोट सदस्य के रूप में विपुलवर्धन को मिले। मुख्य चुनाव अधिकारी दिनेश उपाध्याय ने बताया कि कार्यकारिणी सदस्य बनने के लिए कुल 17 प्रत्याशी मैदान में थे। अन्य 6 सदस्य विजेताओं में अमन शर्मा दूसरे स्थान पर रहीं, जिन्हें 979 वोट मिले। सौरभ सिंह ठाकुर को 934, अजय शुक्ला को 931, अमिताभ भारती को 866, जितेन्द्र श्रीवास्तव को 819 तथा नीरज तिवारी को 811 वोट मिले। सात सदस्यों के चुनाव के लिए कुल 1734 वोट पड़े जिनमें 143 वोट अवैध पाए गए।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय वर्मा, उपाध्यक्षद्वय प्रशांत अवस्थी व आशीष तिवारी, सचिव पारितोष त्रिवेदी, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र खरे, सह सचिव दीपक कुमार सिंह एवं पुस्तकालय सचिव संगीता नायडू ने सभी विजेता कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई दी। जल्द ही हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की नई टीम का शपथ ग्रहण होगा।
मतदान से मतगणना तक चुनाव अधिकारी संजय सेठ, सुनील चौबे, राकेश पाण्डेय, सरला पाण्डेय, सुधाकर पटेल, आशीष श्रीवास्तव, मनीष त्रिवेदी, आशुतोष तिवारी, केएल जाटव, टीएम धमधर, हिमांशु तिवारी का योगदान सराहनीय रहा।
डीपीएसई के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू :
राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा शासकीय पूर्व प्राथमिक प्रशिक्षण संस्थान में विद्यालय पूर्व शिक्षा में द्विवषीय डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश प्रकिया शुरू किया जा रहा है। आगामी सत्र 2022-2023 से शैक्षणिक सत्र की शुरुआत एक जुलाई से की जाएगी। एमपी आनलाइन के माध्यम से आनलाइन प्रवेश हेतु आवेदन किया जा सकेगा। संस्थान में केवल महिलाएं ही आवेदन कर सकेंगी। महिला अभ्याथी एमपी आनलाइन के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। अधिक जानकारी के लिए शासकीय पूर्व प्राथमिक प्रशिक्षण संस्थान में सुबह 11 बजे से 4 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
