
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पनागर क्षेत्र स्थित भाग्यश्री होटल में चल रहे कथित बड़े जुआ फड़ पर क्राइम ब्रांच और पनागर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार रात दबिश देकर चार आरोपितों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 15 लाख छह हजार रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपित होटल के एक कमरे में भारी रकम दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से होटल में व्यापक पैमाने पर जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी। शनिवार रात मुखबिर से मिली सटीक जानकारी के बाद क्राइम ब्रांच और पनागर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस टीम ने रणनीतिक तरीके से होटल में दबिश दी तो एक कमरे में कुछ लोग बिस्तर पर नोटों की गड्डियां रखकर ताश के पत्तों पर दांव लगाते मिले। अचानक पुलिस को सामने देखकर जुआरियों के होश उड़ गए और उन्होंने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने चारों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में मोहनलाल चौरसिया, सुशील चौरसिया, हनीफ खान और शुभम पटेल शामिल हैं। तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से कुल 15 लाख छह हजार रुपये नकद, ताश की गड्डी और मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि होटल के कमरे में यह अवैध गतिविधि कब से चल रही थी और इसमें होटल प्रबंधन की कोई भूमिका या मिलीभगत तो नहीं थी। मामले में होटल संचालक और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा सकती है।
यह भी पढ़ें- MP Weather: रीवा, सतना, जबलपुर और बालाघाट में बारिश का अलर्ट, नया सिस्टम बढ़ाएगा मानसून की रफ्तार