
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कहीं रकम दोगुनी करने का लालच देकर तो कहीं बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से रकम निकालकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।
कुंडम में एक और विजय नगर थानों में धोखाधड़ी के तीन नए मामले दर्ज किए गए हैं। इन घटनाओं में पीड़ितों से कुल दो लाख 65 हजार 999 रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुंडम थाना क्षेत्र के ग्राम खिन्हा निवासी कुसुमलता कुलस्ते (33) के मोबाइल पर करीब एक माह पहले अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने महिलाओं की मदद करने और राशि दोगुनी करके लौटाने का झांसा दिया।
आरोपी ने वीडियो भेजकर भरोसा दिलाया और अलग-अलग नंबरों से संपर्क करता रहा। उसकी बातों में आकर कुसुमलता ने 29 सितंबर से चार अक्टूबर के बीच भेजे गए क्यूआर कोड पर कुल एक लाख नौ हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोपी ने डराने और चोट पहुंचाने की बात कहकर भी उन्हें दबाव में रखा।
विजय नगर के कचनार सिटी निवासी अभिजीत दाहिया (23) निजी अस्पताल में फिजियोथेरेपी की पढ़ाई कर रहे हैं। 15 अक्टूबर को उनके आईडीबीआई बैंक खाते से राशि कटने का संदेश आया। बैंक में जानकारी लेने पर पता चला कि खाते से चार बार में कुल 96 हजार 999 रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हुए हैं।
विजय नगर थाना क्षेत्र के रामेश्वर कालोनी निवासी सुनील बुलानी (54) ने ऑनलाइन किराना सामान मंगाया था। बिल अधिक लगने पर उन्होंने सोशल मीडिया से संबंधित ऑनलाइन प्लेटफार्म कस्टमर केयर नंबर खोजकर संपर्क करने की कोशिश की।
अज्ञात व्यक्ति ने कंपनी का कर्मचारी बनकर उनसे संपर्क किया और रकम की समस्या सुलझाने का भरोसा दिया। बैंक संबंधी जानकारी साझा करने के बाद उनके आरबीएल क्रेडिट कार्ड से सात ट्रांजेक्शन में 35 हजार रुपये निकल गए।
विजय नगर थाना क्षेत्र के निवासी विवेक शर्मा (26) दीनदयाल चौक स्थित इंडियन काफी हाउस में शेफ हैं। 12 अक्टूबर की रात उनके सेंट्रल बैंक खाते से 25 हजार रुपये कटने का संदेश आया। बैंक से जानकारी लेने पर ऑनलाइन धोखाधड़ी का पता चला।
यह भी पढ़ें- मप्र हाई कोर्ट को मिलेंगे सात नए जज, कालेजियम ने नामों पर लगाई मुहर; फिर भी आठ पद रहेंगे रिक्त