Jabalpur News : नई दुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर में कैबिनेट बैठक और संभागीय समीक्षा के एक दिन बाद ही जबलपुर कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन को सरकार ने हटा दिया। उनके स्थान पर दीपक कुमार सक्सेना को नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ उप सचिव शीतला पटले को नरसिंहपुर कलेक्टर बनाया है। यह स्थान ऋजु बाफना को शाजापुर कलेक्टर बनाने से रिक्त हुआ था।
शिवराज सरकार ने नवंबर 2022 में जबलपुर कलेक्टर टी इलैया राजा को जबलपुर से इंदौर स्थानांतरित करने के साथ ही छिंदवाड़ा कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन को जबलपुर में पदस्थ किया था। बुधवार को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने जबलपुर में कानून व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर संभागीय समीक्षा करने के साथ ही कैबिनेट की बैठक भी की थी।
पिछले दिनों जिले में धान के उपार्जन में गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया था। इसमें बिना अनुमति धान खरीदने, गुणवत्ताहीन धान पाए जाने पर मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद राज्य सहकारी विपणन संघ सहित अन्य अधिकारियों की विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसी बीच खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव का तबादला राजस्व मंडल ग्वालियर कर दिया गया। अब कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन का तबादला किया गया है। उन्हें मंत्रालय में अपर सचिव बनाया है।
संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति और प्रबंध संचालक राज्य भंडार गृह निगम दीपक कुमार सक्सेना को कलेक्टर बनाकर जबलपुर भेजा गया है। वह इससे पहलले नरसिंहपुर कलेक्टर रह चुके हैं। उधर, नरसिंहपुर कलेक्टर शीतला पटले को बनाया गया है। वह नवंबर 2022 से जुलाई 2023 तक छिंदवाड़ा कलेक्टर रह चुकी हैं।
अखिल पटेल को बनाया डिंडौरी पुलिस अधीक्षक शासन ने पुलिस मुख्यालय में पदस्थ सहायक पुलिस महानिरीक्षक अखिल पटेल को डिंडौरी का नया पुलिस अधीक्षक बनाया है। यह स्थान संजीव कुमार सिन्हा को गुना का पुलिस अधीक्षक बनाए जाने के बाद से रिक्त था। पटेल अनूपपुर पुलिस अधीक्षक रहने के दौरान विवाद में आए थे। तब मध्य प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ, राज्य कर्मचारी संघ और संयुक्त मोर्चा ने उनके विरुद्ध अधिकार क्षेत्र के बाहर जाकर काम करने की शिकायत की थी। तत्कालीन संभागायुक्त राजीव शर्मा ने जांच करके रिपोर्ट शासन को दी थी, जिसके आधार पर सरकार ने नवंबर 2022 में उन्हें हटाकर पुलिस मुख्यालय पदस्थ कर दिया था।