
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। वाहन निर्माणी जबलपुर में टी-72 टैंक ओवरहाल परियोजना का भूमि पूजन कार्यक्रम गुरुवार को सुबह आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 12 के बीच प्रस्तावित है।
समारोह में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर नई विनिर्माण व मरम्मत सुविधा की नींव रखेंगे। भारतीय सेना के मुख्य युद्धक टैंक टी-72 के तकनीकी उन्नयन और नियमित रखरखाव के लिए यह आधुनिक ढांचा तैयार किया जा रहा है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना से सैन्य बेड़े की युद्धक क्षमताओं में जबरदस्त बढ़ोतरी होगी। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव, केंद्रीय रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार, रक्षा उत्पादन विभाग में अधिकारी डाक्टर गरिमा भगत, एवीएनएल के सीएमडी सत्यव्रत मुखर्जी सहित निर्माणी के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद चाक-चौबंद रखी गई है और प्रवेश द्वारों पर विशेष निगरानी दल तैनात किए गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक अनुमतियां और दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं।