जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। देश में बढ़ती महंगाई और डीजल, पेट्रोल व गैस के दाम से आज आम आदमी परेशान हो चुका है। आटा, दाल, चावल, रोटी, कपड़ा, मकान सब महंगा हो गया है, जिससे आम जनता स्वयं को असहाय महसूस कर रही है। लेकिन केंद्र व प्रदेश की सरकार मूक दर्शक बनकर आम जनता की आवाज को अनसुना कर रही है। इसे देखते हुए मालवीय चौक में संयुक्त मोर्चा के सदस्यों ने महंगाई के विरोध में प्रदर्शन करते हुए देवेंद्र शुक्ला, दीपक पचौरी, मनीष शर्मा, सचिन गुप्ता, आरके जैन ने कहीं। प्रदर्शन में बाइक की शव यात्रा निकाली गई, प्रदर्शनकारियों ने हाथ में तख्तियां लेकर नारे भी लगाए। प्रदर्शन के दौरान सीमांत सोलंकी, अभिषेक खम्परिया, जुनैद खान, संदीप नामदेव और सोमित जैन ने कहा कि लोकतंत्र में जनमानस की आवाज को बुलंद करने के लिए संयुक्त मोर्चा केंद्र व प्रदेश की सराकर को चेतावनी देता है कि यदि 15 दिन में डीजल, पेट्रोल, गैस के दाम कम नहीं किए जाते, तो शहर के प्रत्येक चौक पर केंद्र व प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
हाथों में कंडे लेकर महंगाई का विरोध : बेतहाशा बढ़ते पेट्रोल, डीजल के दाम और कमर तोड़ महंगाई के विरोध में उत्तर मध्य विधानसभा के विधायक विनय सक्सेना के मार्गदर्शन में यूथ कांग्रेस के नेता अंकित मिश्रा व कार्यकर्ताओं ने दमोहनाका चौक में हाथों में कंडे लेकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं यूथ कांग्रेस के नेता अंकित ने आरोप लगाया कि शासन के दबाव में प्रशासन ने यूथ कांग्रेस के पैदल मार्च को तानाशाही रवैया अपनाते हुए बैरिकेड्स लगाकर रोका गया। साथ ही आमजन की आवाज को दबाने की कोशिश की गई। जब इसका विरोध किया गया, तो यूथ कांग्रेस के नेता अंकित मिश्रा और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तार किया गया। प्रदर्शन के दौरान महिला नेत्री रचना यादव, खुशबू, पूनम, देवकी पटेल, वंदना मेहरा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नगर निगम प्रतिपक्ष राजेश सोनकर, जगत मणि चतुर्वेदी, सोनू दुबे और और अन्य ने भी गिरफ्तारी दी।