
जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। बच्चों को पढ़ाई का सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने इन दिनों शाला भवनों के जर्जर हिस्सों को गिराने का काम चल रहा है। कलेक्टर डा. इलैयाराजा टी. के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत जिले में अभी तक 45 शालाओं के जीर्ण-शीर्ण और अनुपयोगी हिस्सों को ध्वस्त किया जा चुका है। शाला भवनों के गिराए गए जर्जर हिस्सों के स्थान पर अब बच्चों को खेलने के लिए पर्याप्त स्थान भी उपलब्ध हो रहा है।
कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार शाला भवन के जर्जर हिस्सों को गिराए जाने के इस अभियान के तहत अभी तक 133 शाला भवनों के जर्जर हिस्सों को चिन्हित किया जा चुका है। जर्जर हिस्सों को ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चिन्हित जर्जर भवनों को गिराने की कार्रवाई ही शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने शाला भवनों के गिराए गए जर्जर हिस्सों का मलबा भी शीघ्र हटवाने के निर्देश अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को दिए हैं। ताकि बच्चों को खेलने के लिए जल्द से जल्द मैदान उपलब्ध हो सके। कलेक्टर ने शालाओं की आवश्यक्तानुसार अतिरिक्त कक्षों के निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार करके भेजने के लिए भी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों कहा है।
करंट से मौत के मामले में चार लाख की सहायता
कलेक्टर डा. इलैयाराजा टी ने पाटन तहसील के ग्राम ब्यौहारी पड़रिया के 25 वर्षीय दीपक बर्मन के परिजनों के लिए स्वीकृत की है। दीपक की मौत कृषि कार्य करते समय विद्युत करंट लगने की वजह से हो गई थी। उसके परिजनों के लिए मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजनान्तर्गत 4 लाख 4 हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह सहायता मृतक दीपक बर्मन के वारसान दिब्बू बर्मन को प्रदान करने का कलेक्टर ने निर्देश दिया है।