
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गोरखपुर पुलिस शनिवार की रात को डीजे को शोर बंद कराने पहुंची तो आयोजक भड़क गए। पुलिस की सख्ती के विरोध में वह सड़क पर आ गए। हंगामा और विवाद के बीच छोटी लाइन फाटक के पास सड़क पर जाम लग गया।
अत्याधिक तेज आवाज के कारण लोग असहज महसूस कर रहे थे। शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच की गई तो मौके पर डीजे के साथ बड़े-बड़े साउंड बाॅक्स लगे मिले। पुलिस कर्मियों ने आयोजकों से तुरंत ध्वनि प्रदूषण बंद करने कहा।
डीजे प्रतिबंधित होने का हवाला देते हुए उपकरणों को जब्त करने की बात कही। यह सुनते ही समिति से जुड़े कई सदस्य मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे।
पुलिस ने दंडाधिकारी के निर्देशों का हवाला देकर नियमों का पालना करने को कहा। इस पर कुछ सदस्य आक्रोशित हो गए। पुलिस कर्मियों के साथ नोक-झोंक करने लगे। विवाद करते हुए कुछ युवक सड़क पर आ गए। उनके विरोध प्रकट करने के दौरान हंगामें की स्थिति निर्मित हो गई।
घटना के समय मौके से बड़ी संख्या में श्रृद्धालु सड़क से गुजर रहे थे। वाहनों के दबाव के बीच यातायात बाधित होने से छोटी लाइन पर जाम लग गया। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद डीजे बंद कर दिया गया। विवाद शांत होने के बाद यातायात पुन: बहाल हो सका।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में गरबा के पास नहीं मिलने पर बवाल, बजरंग दल के कार्यकर्ता भड़के तो लात-घूंसे चले; महिलाओं-बच्चों को पीटा