
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। विजय नगर थाना क्षेत्र में सुबह सैर पर निकले एल्गिन हाॅस्पिटल के डाॅक्टर का मोबाइल बाइक सवार दो बदमाश छीनकर फरार हो गए। रिछाई में काम पर जा रहे दंपती से मोबाइल और मंगलसूत्र लूट लिया गया।
राजस्थान से नवरात्र पर जबलपुर घूमने आई महिला का खेरमाई मंदिर में भीड़ के बीच मंगलसूत्र चोरी हो गया। अधारताल में पैदल जा रहे एक युवक का मोबाइल भी मोटरसाइकिल सवार बदमाश छीन ले गए। पुलिस ने सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थलों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विजय नगर थाना क्षेत्र के कचनार सिटी गेट नंबर दो निवासी डाॅ. तुषार गुप्ता मंगलवार सुबह 9.05 बजे सैर पर निकले थे। वह अल्फा मैरिज गार्डन के सामने जीरो डिग्री मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे, तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आए दो युवकों ने उनका पीछा किया। मौका देखकर आरोपियों ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया और तेजी से फरार हो गए। दोनों के मुंह पर कपड़ा बंधा था। डाॅ. गुप्ता एल्गिन हाॅस्पिटल में आरएमओ और ब्लड बैंक प्रभारी हैं।
अधारताल थाना क्षेत्र में रिछाई स्थित रेल पुल के पास मंगलवार सुबह दो बदमाशों ने दंपती को निशाना बनाया। कटनी जिले के बहोरीबंद सोमकला निवासी सुमेर सिंह (30) और उनकी पत्नी रश्मि लोधी रिछाई वेयर हाउस के पास रहते हैं और एक स्टील इंडस्ट्री में काम करते हैं। दोनों पैदल काम पर जा रहे थे, तभी बदमाशों ने सुमेर का मोबाइल छीन लिया।
रश्मि ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें धक्का दिया और गले से सोने का मंगलसूत्र तोड़कर ले गए। दंपती के साथ मारपीट भी की गई। घटना में रश्मि को चोट आई है। आरोपियों की उम्र 18-19 वर्ष बताई जा रही है।
राजस्थान के राजसमंद जिले के काकरोली निवासी लता सेन (62) नवरात्र और दशहरा देखने कछपुरा निवासी अपनी बहन आशा सेन के घर आई थीं। वह परिवार के साथ हनुमानताल थाना क्षेत्र के बड़ी खेरमाई मंदिर दर्शन करने गई थीं।
रात करीब आठ बजे मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच उनके गले से मोतियों और पेंडल वाला सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया। आशंका है कि 40-45 वर्ष की एक महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर वारदात की और वहां से निकल गई।
अधारताल थाना क्षेत्र में न्यू राम नगर निवासी विवेक मंगतानी मंगलवार को पैदल घर जा रहे थे। धनी की कुटिया के पास फोन पर बात करते समय मोटरसाइकिल सवार दो युवक पीछे से आए और उनका मोबाइल छीनकर भाग गए। विवेक के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने उनका पीछा किया, लेकिन वे चकमा देकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने किया चक्का जाम; विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर