
जबलपुर। तिलवारा के पास दद्दा घाट में स्नान के दौरान दो बालक और एक युवक की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई। गढ़ा क्षेत्र में रहने वाले आठ दोस्त मोहर्रम के बाद शनिवार को दोपहर घूमने निकले थे। दद्दा घाट पहुंचने पर उन्होंने स्नान की योजना बनाई। इसी दौरान तीन दोस्त गहरे पानी में पहुंच गए।
डूबने के कारण उनकी मौत हो गई। मृतकों में शेख साहिल (19), मोइन खान (16) और शेख आशिक उर्फ राजा (15) शामिल है। तीनों गढ़ा के मुजावर मोहल्ला के निवासी है।
तिलवारा पुलिस ने घटना के कारण की जांच शुरू कर दी है। तीनों के शव मेडिकल अस्पताल की मरचुरी में रखवाए गए है। रविवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
एक ही मोहल्ले में रहने वाले आठ दोस्त घूमने के इरादे से दोपहर में लगभग ढाई बजे घर से निकले। वे तिलवारा के आगे दद्दा घाट पहुंचे तो स्नान करने का सोचा।
सभी दोस्तों ने घाट पर कपड़े उतारकर नर्मदा में स्नान करना शुरू किया। नहाते-नहाते वे गहरे पानी की ओर चले गए। इसी दौरान साहिल डूबने लगा। उसे बचाने के लिए आशिक पहुंचा।
लेकिन असफल रहा। दोनों दोस्तों को डूबता देखकर मोइन, उन्हें बचाने के लिए नदी में कूदा। उन्हें गहरे पानी से खींचकर बाहर लाने के प्रयास में संतुलन खो दिया। कुछ ही देर में तीनों दोस्त डूब गए।
तीनों दोस्तों का डूबता देखकर बाकी दोस्तों ने मदद के लिए शोर मचाया। बेल्ट और कपड़े फेंककर डूबते दोस्तों को सहारा देकर बाहर खींचने का प्रयास किया।
लेकिन नदी के प्रवाह में तीनों दोस्तों का उनसे फासला बढ़ा गया। बेल्ट उन तक नहीं पहुंच सका। देखते-देखते ही उनकी आंखों के सामने तीन दोस्त नदी में जलधारा में ओझल हो गए।
घटना से बचे पांच दोस्त घबरा गए और घर पहुंचे, जिनमें से एक किशोर ने स्वजन को घटना की जानकारी दी। उसके बाद वे मौके पर पहुंचे और डूबने तीनों दोस्तों की तलाश शुरू हुई।

घटना की जानकरी लगते ही स्वजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों और गोताखाेरों के साथ मिलकर डूबकर लापता तीनों दोस्तों की तलाश शुरू की।
लगभग एक घंटे तक चले प्रयासों के बाद घटनास्थल के पास ही तीनों के शव मिल गए। यह सब देख रहे स्वजन की उम्मीद टूट गई। वे गमगीन हो गए।
तब तक तिलवारा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शवाें को नदी से बाहर निकलवाया गया। उन्हें मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया।