Explosion in OFK Jabalpur : जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। आर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया में फिर एक बार विस्फोट की जानकारी मिली है। यह घटना निर्माणी के एफ-1 सेक्शन में हुई, जिसमें दो मजदूरों के आहत होने का पता चला है। गंभीर रूप से घायल एक डीबी वर्कर (डेंजर बिल्डिंग वर्कर) को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे को प्राथमिक उपचार के बाद ओएफके अस्पताल से ही छुट्टी दे दी गई।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे स्क्रूप प्रेसिंग के दौरान एक्सटेंशन के पास चिंगारी निकली और फिर जोरदार विस्फोट हो गया। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारी तत्काल सेक्शन से बाहर आ गए। इस घटना में केके तिवारी नामक डीबी वर्कर और सुभाष देशमुख नामक एक अन्य कर्मचारी आहत हो गया। दोनाें को उपचार के लिए तत्काल ओएफके हास्पिटल ले जाया गया। जहां से सुभाष देशमुख को आंशिक रूप से घायल होने के चलते छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल केके तिवारी को राइट टाउन स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके दोनों हाथ आग में झुलसे बताए जा रहे हैं। ओएफके प्रशासन का कहना है कि केके तिवारी की हालत खतरे से बाहर है, जल्द ही उसे भी अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
जिस समय यह घटना हुई उस समय एफ-1 सेक्शन में 50 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। इसलिए इस घटना में दो ही लोगाें के घायल होने को खुशकिस्मती ही कहा जा सकता है। ज्ञात हो कि फैक्ट्री में इससे पहले भी कई बार विस्फोट की घटनाएं हो चुकी हैं जिसमें कई लोग घायल हो चुके हैं।
निर्माणी के उप महाप्रबंधक एवं पीआरओ आरके कुम्हार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनोंं घायलों की हालत खतरे से बाहर है। महाप्रबंधक की ओर से इस घटना की जांच के लिए कमेटी बना दी है, जो यह पता लगाएगी कि हादसे की वजह क्या रही।