
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर गुप्तेश्वर में गाली-गलौज करने से रोकना एक परिवार को भारी पड़ गया। घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज कर रहे तीन युवकों परिवार के मुखिया बनारसी लाल गुप्ता समझाइश दे रहे थे।
आरोप है कि युवकों ने पहले उनसे मारपीट की और बाद में चाकू से हमला कर दिया। उनकी बेटी और दो बेटे घायल हो गए। बेटी के सीने में चाकू लगने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात कृष राय, मनीष राय और अक्षय रजक घर के बाहर खड़े होकर तेज आवाज में एक-दूसरे को गाली दे रहे थे। काफी देर तक गाली-गलौज जारी रहने पर बनारसी लाल गुप्ता घर से बाहर आए। उन्होंने युवकों को समझाते हुए गाली देने से मना किया और घर जाने के लिए कहा। इससे नाराज तीनों युवकों ने बनारसी लाल के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पिता के साथ मारपीट होते देख उनकी बेटी काजल और बेटे मोहित व मनीष बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि तीनों युवकों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। बनारसी लाल के पेट में चाकू लगा, जबकि काजल के सीने पर वार किया गया। मोहित के पैर और मनीष के हाथ में चाकू से चोट आई।
घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पड़ोसियों की मदद से घायलों को देर रात मेडिकल कालेज पहुंचाया गया। काजल के सीने में चाकू लगने से उसकी हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि बनारसी लाल को भी गंभीर चोट आई है।
गोरखपुर थाना पुलिस ने कृष राय, मनीष राय और अक्षय रजक के खिलाफ प्राणघातक हमले का मामला दर्ज किया है। एएसपी पल्लवी शुक्ला के मुताबिक, आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
यह भी पढ़ें- छिंदवाड़ा कलेक्ट्रेट में जबलपुर लोकायुक्त का छापा, ट्राइबल विभाग के ललित अहिरवार रिश्वत लेते ट्रैप