
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रबी सीजन की तैयारियों के बीच प्रदेश में बिजली आपूर्ति के आंकड़े किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं के बीच बड़ा अंतर दिखा रहे हैं। खेतों में सिंचाई की जरूरत बढ़ रही है, लेकिन किसानों को प्रतिदिन औसतन पौने नौ घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इसके विपरीत घरेलू और अन्य गैर-कृषि उपभोक्ताओं को करीब 23 घंटे बिजली की आपूर्ति दर्ज की गई है।
यानी किसानों को गैर-कृषि उपभोक्ताओं की तुलना में प्रतिदिन 14 घंटे से अधिक कम बिजली मिल रही है।विद्युत वितरण कंपनियों के 22 अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश की तीनों बिजली वितरण कंपनियों में कृषि फीडरों को औसतन आठ घंटे 44 मिनट बिजली मिली। वहीं गैर-कृषि फीडरों में यह अवधि 22 घंटे 56 मिनट रही। रबी सीजन में गेहूं, चना, मसूर और अन्य फसलों की बोवनी के बाद सिंचाई की जरूरत बढ़ती है।
ऐसे में बिजली आपूर्ति की सीमित अवधि किसानों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। खासकर उन किसानों के लिए, जिनके पास सिंचाई के लिए बिजली के अलावा दूसरा विकल्प नहीं है। आंकड़ों के अनुसार तीनों वितरण कंपनियों के आंकड़ों में भी खासा अंतर सामने आया है।
कृषि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की अवधि के साथ उसका समय और नियमितता भी महत्वपूर्ण है। किसानों को निर्धारित अवधि में लगातार बिजली नहीं मिलने पर खेतों की सिंचाई प्रभावित हो सकती है। कम वोल्टेज और आपूर्ति में बार-बार व्यवधान की स्थिति में निर्धारित समय का भी पूरा लाभ नहीं मिल पाता। ऐसे में रबी सीजन के दौरान कृषि फीडरों को निर्धारित 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के साथ निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
पावर मैनेजमेंट कंपनी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजीव कुमार गुप्ता के मुताबिक बारिश के बाद ट्रांसफार्मर और लाइनों के रखरखाव के चलते बिजली आपूर्ति बाधित होती है। इस कारण औसत कम हो जाता है। रबी सीजन के लिए पर्याप्त बिजली दी जाएगी।