
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। चरगवां के भड़पुरा घाट में बुधवार को नर्मदा नदी में महाराष्ट्र के जलगांव निवासी पिता-पुत्र बह गए। घाट पर दर्शन के दौरान 10 वर्षीय बेटा अचानक नदी में गिर गया। उसे बहता देख पिता ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव में दोनों बह गए।
सूचना मिलने पर चरगवां पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक सर्चिंग की गई, लेकिन पिता-पुत्र का पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की जाएगी।
चरगवां पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र के जलगांव निवासी किसान गणेश पाटिल (34) बुधवार को पत्नी रवीना पाटिल, छोटे बेटे लकी (10), बड़े बेटे विराट और करीब 10 से 15 अन्य लोगों के साथ जबलपुर आए थे। सभी भड़पुराघाट स्थित एक आश्रम में रुके थे।
कुछ समय आराम करने के बाद वे नर्मदा दर्शन के लिए घाट पहुंचे। इसी दौरान लकी अचानक नदी के पानी में गिर गया और तेज बहाव में बहने लगा। बेटे को डूबता देख गणेश ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। लेकिन तेज बहाव के कारण गणेश भी बेटे के साथ बह गए।
पिता-पुत्र को नदी में बहता देखकर मौके पर मौजूद गोताखोरों ने भी पानी में छलांग लगाकर उनकी तलाश शुरू की। हालांकि नदी में पानी अधिक और बहाव तेज होने के कारण गोताखोर दोनों तक नहीं पहुंच सके। कुछ ही देर में पिता-पुत्र पानी में दिखाई देना बंद हो गए।
घटना के बाद चरगवां पुलिस ने नर्मदा के आगे आने वाले घाटों पर भी सूचना देकर अलर्ट जारी कराया है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर देर शाम तक नदी में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार बारिश के कारण नर्मदा का बहाव तेज है। अंधेरा होने के कारण बुधवार को सर्चिंग रोकनी पड़ी। गुरुवार सुबह फिर से अभियान शुरू किया जाएगा।
कुंडम क्षेत्र से गुजरने वाली परियट नदी में दोस्तों के साथ नहाने पहुंचे 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक मंगलवार को लोक चकदेही घाट पर नहाते समय गहरे पानी में चला गया था। इसके बाद उसका पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह घटनास्थल के पास ही उसका शव मिला। कुंडम पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम झोंझ निवासी अशोक सिंह कुंजाम किसानी करते हैं। उनका बेटा साहिल कुंजाम (19) मंगलवार को अपने दोस्तों आदित्य मरावी, आदर्श मरावी, दुर्गेश मरावी, अमित मरावी, पवन परस्ते, अनूप परस्ते और अनिवाश बरकड़े के साथ परियट नदी के लोक चकदेही घाट पहुंचा था।सभी दोस्त नदी में उतरकर नहाने लगे।
इसी दौरान साहिल गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले कि उसे पानी से बाहर निकाला जा सके, वह पानी में लापता हो गया। सुबह घटनास्थल के पास मिला शवसाहिल के नदी में डूबने की सूचना मिलने पर उसकी तलाश शुरू की गई।
मंगलवार को काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह घटनास्थल के पास नदी में साहिल का शव मिला। सूचना मिलने पर कुंडम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- MP Tourist Places: विराट जलप्रपात और संगमरमर की घाटियां, जबलपुर में कहां जाएं, क्या देखें, यहां है संपूर्ण टूर गाइड