नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मझगवां थाना क्षेत्र में एक सरकारी महिला कर्मचारी के साथ घिनौनी हरकत का मामला सामने आया है। एक युवक ने महिला के घर की बाथरूम की वेंटिलेशन की जाली हटाकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और फिर उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। परेशान होकर महिला ने अपनी मां के साथ पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता मझगवां थाना क्षेत्र के एक सरकारी आवास में रहती है। 9 जुलाई की रात वह अपने बाथरूम में थी, तभी उसकी नजर ऊपर की ओर पड़ी और देखा कि बाथरूम के वेंटिलेशन की जाली हटाई जा चुकी है। झांककर देखने पर उसने देखा कि कोई व्यक्ति जाली की जगह से मोबाइल कैमरे से अंदर की ओर वीडियो बना रहा था। महिला ने तुरंत शोर मचाया और उस व्यक्ति को पकड़ने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भाग निकला।
इस भयावह घटना के कुछ ही घंटों बाद महिला के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया, जिसमें आरोपी ने मिलने की बात कही। जब महिला ने इंकार कर दिया, तो उसने उसे धमकी दी कि उसके पास बाथरूम का वीडियो है, जिसे वह सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। महिला ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, तो आरोपी ने उसका एक आपत्तिजनक वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
इस घटना से मानसिक रूप से परेशान महिला ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। फिर दोनों मझगवां थाना पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईटी एक्ट और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं।