
Jabalpur News : नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। दीपावली में आतिशबाजी के बीच शहर व आस-पास के क्षेत्रों में आठ जगह आग लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं। कुंडम के बघराजी में इतनी भीषण आग लगी कि इसकी चपेट में आने से घर सहित चार दुकानें भी जलकर खाक हो गईं। गनीमत ये रही कि आग में जानमाल की हानि नहीं हुई। इसके अलावा शहर में पटाखों के कारण कचरे में आग लगने की छिटपुट घटनाएं हुई। शहर में ऐसी कोई बड़ी घटना घटित नहीं हुई। दीपावली पर्व को लेकर नगर निगम का दमकल अमला भी पूरी तरह रात भर अलर्ट रहा। आग लगने की घटनाओं से निपटने दमकल अमले की 12-12 घंटे की दो शिफ्ट में दमकल कर्मियों को तैनात किया गया था।
नगर निगम के दमकल शाखा के मुताबिक रविवार की शाम करीब 4:20 बजे कुंडम के बघराजी में आग लगने की सूचना मिली थी। यहां कमलेश जैन की चार दुकान सहित घर तक आग की लपटे पहुंच गई थी। बघराजी में कुंडम से दमकल वाहन रवाना किए थे पर आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा रहा था। जबलपुर से भी एक दमकल वाहन रवाना किया गया था। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान आग से करीब 20 लाख रुपये तक के नुकसान का अनुमान है। इसी तरह शहर के विजय नगर क्षेत्र में भी आरती खत्री के मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। आग बढ़ पाती उसके पहले नगर निगम के दमकल अमले ने काबू पा लिया था।
इसके अलावा दीपावली पर जलाएं जाने वाले पटाखों के कारण कचरे के ढेर में आग लगने की घटनाएं हुई। दमकल शाखा के मुताबिक गौरीघाट पुराने रेलवे स्टेशन के पास, सिविल लाइन में पुराने आरटीओ आफिस के पास, मार्बल सिटी अस्पताल के समीप, वसुंधरा कालोनी, नारायण चौक लालमाटी और शीतलपुरी बल्देवबाग में खाली प्लाट में लगे कचरे के ढेर में आग लगने की सूचना मिली। दमकल अमला सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा और आग बुझा दी।