
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। ओमती क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक व्यक्ति की दूसरी पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया। पहली पत्नी अस्पताल पहुंच गई।
पति पर दूसरी शादी करने के साथ बच्चे के जन्म संबंधी दस्तावेजों में पिता के रूप में अपना नाम दर्ज नहीं कराने का आरोप लगाया।
विवाद बढ़ने पर अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी। पहली पत्नी की शिकायत पर हस्तक्षेप अयोग्य अपराध की सूचना दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार दिशा का विवाह शुभांशु से हुआ था। बाद में दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला न्यायालय तक पहुंच गया। इसी दौरान शुभांशु ने दूसरी शादी कर ली।
उसकी दूसरी पत्नी ने ओमती क्षेत्र के निजी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पहली पत्नी दिशा अस्पताल पहुंच गई और विरोध जताने लगी। दिशा का आरोप था कि पति ने दूसरी पत्नी से हुए बच्चे के जन्म संबंधी दस्तावेजों में पिता के रूप में अपना नाम दर्ज नहीं कराया।
बताया जा रहा है कि शुभांशु सरकारी नौकरी में है और इसी वजह से उसने अपनी पहचान छिपाने का प्रयास किया। अस्पताल में हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से चर्चा की और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दीवार खोदकर ज्वेलर्स शाॅप में घुसे चोर, 20 तोला सोना और तीन किलो चांदी ले गए