
Jabalpur News : नई दुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। ढाई फीट की दुल्हन की साढ़े पांच फीट के दूल्हे के संग शादी ने रविवार को खूब चर्चा का विषय रही। घाना निवासी दोनों दूल्हा-दुल्हन पड़ोसी हैं और एक दूसरे को काफी समय से जानते हैं साथ ही प्यार भी खूब करते हैं। सामाजिक संस्था बीएचसीएचआइ के सदस्यों ने इनका विवाह हनुमानताल स्थित शिव मंदिर कराया। दुल्हन संध्या व दूल्हा बने प्रभात की शादी बड़े धूमधाम के साथ हुई। हालांकि संध्या के स्वजन को शादी को लेकर आपत्ति थी इसलिए इसमें शामिल नहीं हुए जबकि प्रभात के स्वजन इस मौके के गवाह बने।
प्रभात रीवा की एक कंपनी में नौकरी करता है। वहीं संध्या एक अच्छी डांसर है और समय-समय पर डांस शो भी करती रही है। वह टीवी शो बूगी-बूगी में भी भाग ले चुकी है। संध्या कद में भले कम हो पर अच्छी डांसर है। दोनों घाना में आसपास रहते हैं। संध्या ने प्रभात के साथ शादी करने की इच्छा के बारे में मां व भाई को बताया था लेकिन वे इसके लिए तैयार नहीं थे। बाद में बेटी की जिद के कारण मां ने उसे घर से निकाल दिया। इस बीच बीएचसीएचआइ संस्था के सदस्य आगे आए और संध्या को आश्रय दिया। साथ ही प्रभात से उसका विवाह भी कराया। संस्था की अध्यक्ष रीना सिंह ने अन्य लोगों के साथ संध्या को हल्दी लगाई। इसके बाद प्रभात व संध्या ने एक दूसरे को जयमाला पहनाई और सात फेरे लिए।