जबलपुर सहित महाकोशल के कई जिलों में जमकर हो रही बारिश, डिंडौरी में बाढ़ जैसे हालात... अमरकंटक से सड़क संपर्क थमा
डिंडौरी में तीसरे दिन भी झमाझम वर्षा का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में बजाग जनपद क्षेत्र में सबसे अधिक 178 मिलीमीटर (सात इंच से अधिक) वर्षा दर्ज की गई। चलिए आपको बताते हैं कि ऐसी स्थिति कब तक बनी रहेगी।
Publish Date: Sun, 27 Jul 2025 08:02:13 AM (IST)
Updated Date: Sun, 27 Jul 2025 10:25:18 AM (IST)
डिंडौरी में तीसरे दिन भी झमाझम वर्षा का दौर जारी है।HighLights
- डिंडौरी में तीसरे दिन भी झमाझम वर्षा का दौर जारी है।
- बजाग जनपद क्षेत्र में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।
- बारिश से लांजी के कोटेश्वर महादेव मंदिर में पानी भर गया।
रीजनल टीम, जबलपुर: डिंडौरी में तीसरे दिन भी झमाझम वर्षा का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में बजाग जनपद क्षेत्र में सबसे अधिक 178 मिलीमीटर (सात इंच से अधिक) वर्षा दर्ज की गई। तेज बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। अनूपपुर, सिवनी, मंडला और नरसिंहपुर में भी जोरदार वर्षा हुई, जबकि अन्य जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई है।
बालाघाट में भारी वर्षा और कोटेश्वर महादेव मंदिर जलमग्न
बालाघाट में डेढ़ घंटे तक तेज वर्षा हुई। लांजी में सबसे अधिक 110 मिमी यानी 4.3 इंच वर्षा दर्ज की गई, जिससे नौ जगहों पर आवागमन ठप हो गया। लांजी के कोटेश्वर महादेव मंदिर में पानी भर गया। गर्भगृह में पानी आने से शिवलिंग का आधे से ज्यादा हिस्सा डूबने से जलाभिषेक हो गया।
डिंडौरी में बाढ़ जैसे हालात, मार्ग अवरुद्ध
डिंडौरी के गाड़ासरई में सैकड़ों दुकानों और घरों में दो फीट तक पानी भर गया। खरमेर नदी में आई बाढ़ से डिंडौरी-मंडला मुख्य मार्ग दोपहर से बाधित रहा। किसलपुरी के पास पुल के ऊपर से पानी बह रहा है।
नर्मदा का जलस्तर बढ़ा, अमरकंटक मार्ग बंद
जोरदार वर्षा से नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ गया। मंडला जिले में सुबह से दिनभर कभी रिमझिम तो कभी मध्यम वर्षा जारी रही। नर्मदा सहित सहायक नदियों में बाढ़ आ गई। मंडला-रामनगर मार्ग में पुल डूब गया, जिससे आवागमन बंद है। बालाघाट-नैनपुर मार्ग भी बंद है। जिले में 28.5 मिमी वर्षा हुई। ग्राम पंचायत बांदरबाड़ी में बाढ़ के चलते नाले की पुलिया टूट गई।
जबलपुर-अमरकंटक मार्ग भी बंद हो गया। किसलपुरी के पास पुल के ऊपर से पानी आने से दोनों ओर यातायात ठप हो गया। नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढ़कर जिला मुख्यालय के जहां पुल तक पहुंच गया। जोगीटिकरिया पुल डूबने से जबलपुर-अमरकंटक मार्ग रात आठ बजे के बाद बंद हो गया। यहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। डिंडौरी के डेम घाट के दोनों ओर के मंदिर पानी में डूब गए। गाड़ासरई में बाढ़ जैसे हालात हैं। डिंडौरी से अमरकंटक मार्ग पर ढाई से तीन फीट पानी तेज रफ्तार से बह रहा है। दुकानों के बाहर की सामग्री बह गई।
अनूपपुर में युवक बहा, कई नदियां उफान पर
अनूपपुर जिले में 63 मिमी वर्षा हुई है। जैतहरी थाना क्षेत्र के हसिया नाला में मजदूरी कर लौट रहा राजकुमार (25) पुत्र छोटेलाल भैना बह गया, जिसका पता नहीं चल पाया है। स्टेट हाईवे अमरकंटक मुख्य मार्ग राजेंद्रग्राम के पास रपटा पुल के ऊपर से पानी का बहाव होने के कारण शाम तक बंद रहा। सोन, केवई, तिपान, जोहिला, गोडारू और बकान नदियां उफान पर हैं।
बरगी बांध के गेट खुले, नर्मदा का जलस्तर बढ़ा
बरगी बांध के सात गेट खुलने से नरसिंहपुर में नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।